दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने किया वॉर रूम और कॉल सेंटर का उदघाटन

दुर्ग। गुरुवार को जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने जिला भाजपा कार्यालय में कॉल सेंटर और वॉर रूम का उदघाटन किया। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा द्वारा वैदिक विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद कॉल सेंटर और वार रूम में कार्य प्रारंभ हुआ।

कॉल सेंटर और वॉर रूम उदघाटन के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश भाजपा के निर्देश पर दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में वॉर रूम और कॉल सेंटर बनाया गया है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह सारी तैयारी की जा रही है। यहां संगठन, पदाधिकारियों एवं निर्वाचन संबंधी तमाम जानकारियां उपलब्ध रहेगी। चुनाव को लेकर पार्टी द्वारा जारी दिशा निर्देशों सहित अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी एकत्र कर उसका उपयोग चुनाव एवं संगठनात्मक कार्यों में किया जाएगा।

दुर्ग भाजपा कार्यालय में कॉल सेंटर की स्थापना तीसरी मंजिल पर स्थित हॉल में की गई है, जहां 36 ऑपरेटरों के बैठने की व्यवस्था है, यहां 36 लैपटॉप भी लगाए गए हैं, इसके लिए इंटरव्यू करके डेढ़ सौ युवाओं में से 36 युवक-युवतियों का चयन किया गया है। कॉल सेंटर का उपयोग दुर्ग जिला संगठन के अलावा दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से संपर्क करने के लिए भी किया जाएगा। कॉल सेंटर के माध्यम से मोदी सरकार के लाभार्थियों एवं आमजनों से भी संवाद होगा।

केंद्र सरकार की योजनाओं के संबंध में आम नागरिकों से चर्चा कर फीडबैक लेने में कॉल सेंटर का उपयोग होगा। कॉल सेंटर का पूरा सिस्टम ऑनलाइन रहेगा, चंद मिनटों में ही सैकड़ो लोगों से बात करने की व्यवस्था कॉल सेंटर के माध्यम से रहेगी। आम नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बनाए रखने के लिए कॉल सेंटर का उपयोग किया जाएगा कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

वॉर रूम की स्थापना कार्यलय के प्रथम तल पर की गई, वार रूम में दुर्ग जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों सहित पार्टी के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं की जानकारी सुरक्षित है तथा इसे लगातार अपडेट भी किया जाता रहेगा। वॉर रूम में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी एक क्लिक पर मिल जाएगी। विधानसभा क्षेत्र में जीत हार का पिछला रिकॉर्ड, मतदाताओं की संख्या, बूथ केंद्रों की संख्या, विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के नाम पते तथा चुनाव को लेकर उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों की जानकारी भी वार रूम में उपलब्ध रहेगी। जिला भाजपा कार्यालय में संचालित वार रूम और कॉल सेंटर प्रदेश भाजपा कार्यालय से जुड़ा रहेगा। वॉर रूम और कॉल सेंटर से भाजपा की प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी प्रदेश कार्यालय को दी जाएगी।

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने उद्घाटन के बाद कॉल सेंटर के कर्मचारियों से सौजन्य मुलाकात कर उनका परिचय लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। कॉल सेंटर और वॉर रूम के उदघाटन कार्यक्रम में जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप साहू, जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, नवीन पवार, मनोज सोनी, केवल देवांगन, मदन वाढ़ई, कृष्णा निर्मलकर, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button