खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को बहुत अच्छी सफलता मिलने वाली है : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर शहर के भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनाव में महापौर पद और सभी 70 पार्षद प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा है कि जनता भाजपा के पक्ष तैयार खड़ी है और अब हमें उन तक पहुँचना है। श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बने 13 महीने हुए हैं और 13 महीने में ही भाजपा सरकार ने जो काम किए हैं, वह आप सभी को मालूम है। श्री साय शुक्रवार को राजधानी के स्व. बलबीरसिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में भाजपा के सभी 70 पार्षद प्रत्याशी व महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे की उपस्थिति में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन मैं आए हजारों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 2023 से पहले कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की जो दुर्दशा हुई, वह सभी को मालूम है। कोई ऐसा क्षेत्र नहीं बचा, जहाँ कांग्रेस की सरकार ने भ्रष्टाचार नहीं किया, घोटाला नहीं किया। उन घोटालेबाजों का आज क्या हाल हुआ है, यह प्रदेश देख रहा है। हमारे छत्तीसगढ़ के भविष्य, हमारे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली कांग्रेस की सरकार में पीएससी तक में भी भ्रष्टाचार हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश को आश्वस्त किया था कि भाजपा की सरकार बनेगी तो पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई से कराई जाएगी और आज पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई कर रही है और उसके जो दोषी हैं, वह सभी जेल के अंदर हैं और जो अन्य दोषी हैं, उन्हें जेल जाना होगा।

श्री साय ने कहा कि आज कांग्रेस सरकार की सरपरस्ती में हुए तमाम घोटालों के सभी घोटालाबाज जेल के अंदर हैं। उनकी जमानत याचिकाएँ भी बार-बार खारिज हो रही है। कांग्रेस के राज में पूरा छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था। प्रदेश की जनता का विश्वास प्रदेश की कांग्रेस सरकार से उठ गया था। इन 13 महीनों में जब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी तो हमने प्रदेश के 3 करोड़ छत्तीसगढ़िया के विश्वास को जीतने का काम किया है। आज 3 करोड़ छत्तीसगढ़ियों का विश्वास भाजपा की सरकार के प्रति है। मोदी की गारंटी में जो वादे हमने किए थे, उन वादों को पूरा किया है। चाहे प्रधानमंत्री आवास हो, चाहे किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी, 2 वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान हो, 70 लाख से अधिक माताओं एवं बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रतिमाह दिया जा रहा है। यह सभी कार्य हो रहा है। आज आदिवासी क्षेत्र में तेंदूपत्ता खरीदी ₹4000 से बढ़कर 5500 रु. प्रति मानक बोरा कर दिया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज एक भी घर ऐसा नहीं होगा, जो भारत सरकार की योजना या प्रदेश सरकार की योजना से कोई-न-कोई लाभ न ले रहा हो। जनता को हमें यह याद दिलाना है। हमारे नगरीय प्रशासन विभाग मंत्री ने पूरे प्रदेश के सभी जिलों में दौरा किया है। हर जिले में 200 करोड रुपए से लेकर 500 करोड रुपए का भूमिपूजन और लोकार्पण का कार्यक्रम हुआ है। पूरे प्रदेश में नगरीय निकाय क्षेत्रों में 7000 करोड़ रु. से ज्यादा की राशि का कार्य हुआ है। आज पूरे प्रदेश के नगर निगम नगर पालिका और नगर पंचायत में विकास के कार्य हो रहे हैं।

श्री साय ने कहा कि रायपुर नगर निगम अंतर्गत आज रायपुर के 1,87,000 बहनों को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में भी पिछले 1 वर्षों में तेजी से विकास के कार्य हुए हैं। आज स्वामित्व कार्ड योजना का लाभ भी जो आबादी भूमि पर कई पीढियाँ से मकान बनाकर निवास कर रहे थे, उन लोगों का स्वामित्व कार्ड नहीं होने के कारण परेशानियाँ होती थीं, वह लोन भी नहीं ले पाते थे। आज एक दिन में ही 61 हजार ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वामित्व कार्ड दिया गया।

श्री साय ने कहा कि रायपुर में हितग्राहियों को पट्टा देने का वादा भी हम कर रहे हैं। आचार संहिता हटने के बाद उन्हें यह पट्टा दिया जाएगा। मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम हम कर रहे हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन खेतिहर मजदूर कल्याण योजना 5,62,000 परिवार छत्तीसगढ़ में हैं, इनको साल में ₹10 हजार दे रहे हैं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि निकाय चुनाव को अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। 11 फरवरी को मतदान है। सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं को प्रत्येक घर जाकर हर एक मतदाता से संपर्क करना है और सरकार की उपलब्धियों को उन्हें बताकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए आग्रह करना है। अब रायपुर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है ताकि विकास के कार्य भी तेज गति से हों। नगर निगम चुनाव की शुरुआत में ही नगर निगम में 2 पार्षद और नगर पंचायत में 20 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बसना में नगर पंचायत अध्यक्ष भी निर्विरोध जीत गई हैं। धमतरी में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया है।

श्री साय ने कांग्रेस के आरोपों पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कांग्रेसी आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा शासन का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेसी पहले फॉर्म तो सही-सही भर लें, नियमों का पालन तो पहले कर लें। कांग्रेस की संस्कृति रही है कि हारने पर ईवीएम पर आरोप लगाते हैं और जीतने पर उसी ईवीएम को सही ठहराते। श्री साय ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को बहुत अच्छी सफलता मिलने वाली है, सभी 10 नगर निगम, 49 नगरपालिका और एक सौ से अधिक नगर पंचायतों में हर जगह भाजपा का झंडा फहरने वाला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button