खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

नया चक्रवाती तूफान मिचांग हुआ एक्टिव, कई राज्यों में बारिश की संभावना

मिचांग तूफान बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हो गया है, जिसका असर कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. तमिलनाडू के कई जिलों में बारिश के बाद आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है…

नईदिल्ली (ए)। दिसंबर महीने की शुरुआत होने के साथ ही देशभर में ठंड भी बढ़ने लगी है. दिल्ली समेत कई राज्यों में इस वक्त ठंडी हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली में ठंड और ज्यादा बढ़ने वाली है. मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश की संभावना है।

राजधानी दिल्ली में आज यानी शुक्रवार (1 दिसंबर) को अधिकतम तापमान 24 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 4 दिसंबर तक सुबह के समय धुंध रहेगी. इन दिनों यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक जा सकता है और कई इलाकों में बारिश भी देखने को मिल सकती है. राजधानी का एक्यूआई लगातार बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है. शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’, 401 और 450 के बीच ‘गंभीर’ एवं 450 के ऊपर ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

इसी बीच एक नया चक्रवाती तूफान मिचांग बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हो गया है, जिसका असर दक्षिणी राज्यों में देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. चेन्नई में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सरकार ने भारी बारिश के चलते गुरुवार को स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए. स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और गिलगित-बाल्टिस्तान में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button