खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

IPS राजविंदर सिंह CISF के और IPS दलजीत सिंह चौधरी BSF के DGP नियुक्त, अगले साल रिटायर होंगे दोनों अधिकारी

राजविंदर सिंह भट्टी बिहार में कई पदों पर काम कर चुके हैं. सीवान के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह के बड़े भाई को गिरफ्तार कर वे सुर्खियों में आए थे…

 

नईदिल्ली (ए)। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी राजविंदर सिंह भट्टी को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और दलजीत सिंह चौधरी को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का प्रमुख नियुक्त किया है. राजविंदर सिंह भट्टी बिहार कैडर के 1990 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं।

कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के मुताबिक भट्टी को पदभार ग्रहण करने की तिथि से 30 सितंबर 2025 को उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि तक के कार्यकाल के लिए सीआईएसएफ के महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है. मंत्रालय ने बताया कि वर्तमान में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के प्रमुख दलजीत सिंह चौधरी को 30 नवंबर 2025 को उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख तक के कार्यकाल के लिए बीएसएफ के महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है. दलजीत सिंह चौधरी उत्तर प्रदेश कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

राजविंदर सिंह भट्टी बिहार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं. पटना के सिटी एसपी के रूप में सेवा देने के अलावा, उन्होंने सहायक पुलिस अधीक्षक (बाढ़), जहानाबाद, गोपालगंज, पूर्णिया में एसपी, डीआईजी (सीवान), आईजी (पटना जोन), आईजी (सुरक्षा), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के संयुक्त निदेशक, महानिदेशक (नागरिक उड्डयन) के रूप में भी काम किया।

राजविंदर सिंह भट्टी राष्ट्रीय ख्याति तब पाई जब उन्होंने सावधानीपूर्वक योजना बनाकर नवंबर 2005 में सीवान के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन को उनके दिल्ली आवास से गिरफ्तार किया था. इससे पहले, किसी भी पुलिस अधिकारी ने आरजेडी के इस बाहुबली को  उसके मजबूत राजनीतिक रसूख के कारण गिरफ्तार करने की हिम्मत नहीं की थी।

बाढ़ के एएसपी के रूप में काम करते हुए राजविंदर सिंह भट्टी ने तत्कालीन आरजेडी विधायक और बाहुबली दिलीप कुमार सिंह को उनके पटना आवास से गिरफ्तार किया था. दिलीप कुमार सिंह लालू प्रसाद यादव की सरकार में मंत्री रहे और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह के बड़े भाई थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button