छत्तीसगढ़फीचर्ड

नाबालिग प्रेमिका ने विवाद पर लॉज में की प्रेमी की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध संबंध के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। थाना गंज क्षेत्र के सत्कार गली, रमन मंदिर वार्ड स्थित एवन लॉज में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका ने अपने प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी नाबालिग ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और घर लौटकर अपनी माँ को पूरी घटना बताई।

मिली जानकारी के अनुसार, हत्या की आरोपी नाबालिग बालिका बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने अपनी माँ के साथ थाना कोनी पहुँचकर पुलिस को बताया कि उसका प्रेम संबंध बिहार निवासी मोहम्मद सद्दाम (जो वर्तमान में अभनपुर क्षेत्र स्थित एमएस इंजीनियरिंग में रहता था) के साथ था। दोनों बीते शनिवार से रायपुर के एवन लॉज में ठहरे हुए थे।

नाबालिग बालिका ने पुलिस को बताया कि रविवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर धारदार हथियार से मोहम्मद सद्दाम पर हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने मृतक के मोबाइल फोन को अपने पास रखा और कमरे की चाबी रेलवे ट्रैक में फेंक दी। इसके बाद वह घर लौट गई और पूरी घटना अपनी माँ को बताई।

माँ के साथ थाने पहुँचकर जब बालिका ने पूरी जानकारी दी तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और कमरे का ताला तोड़कर शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक के मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों की तलाश की जा रही है।

गंज थाना पुलिस आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंध और आपसी विवाद का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या अचानक हुए झगड़े में वारदात को अंजाम दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button