दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री से दया सिंह ने की मुलाकात, टाउनशिप में हो रहे गंदे पानी की आपूर्ति करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की रखी मांग

भिलाई। बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष व भाजपा नेता दया सिंह इन दिनों दिल्ली में है। राष्ट्रीय नेताओं से लेकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात का दौर जारी है। जहां दुर्ग-भिलाई समेत प्रदेश की समस्याओं को उनके समक्ष रख रहे हैं।

दया सिंह ने केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते से मुलाकात की है। दया ने महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू के नेतृत्व में यह मुलाकात की। दया ने केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री को बीएसपी-सेल प्रबंधन के खिलाफ शिकायतों का लंबा-चौड़ा पुलिंदा सौंपा है। सभी आवेदनों को एक ब्रिफकेस में भरकर केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री को सौंपा है।

मंत्री कुलस्ते ने सभी आवेदनों को बारी-बारी से देखा। इसमें सबसे महत्वपूर्ण टाउनशिप में पिछले 6 महीने से सप्लाई हो रहे गंदे पानी का है। दया ने बताया कि, बीएसपी प्रबंधन साफ पानी सप्लाई करने में पूरी तरह फेल हो गया है। लोगों को 6 महीने से गंदे पानी पीने की मजबूरी है। डायरिया समेत जलजनित बीमारी के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी शिकायत पहले भी हो चुकी है मगर बीएसपी प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया। अब हालात बेकाबू हो गए हैं।

इस्पात राज्यमंत्री ने दया को आश्वास्त किया कि इस पर वे पहल करेंगे। इस्पात राज्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन से दया संतुष्ट होते हुए कहा कि, जिन अधिकारियों की लापरवाही है, उनके खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि पूर्व CM रमन सिंह से भी गंदे पानी की शिकायत दया सिंह ने की थी। इस शिकायत के बाद पूर्व सीएम रमन ने समाधान के लिए बीएसपी सीईओ को लेटर लिखा था। बावजूद अब तक समाधान नहीं हो पाया है। इसलिए इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री तक पहुंचा दिया।

शिकायतों के पुलिंदा में क्या-क्या

पानी:- टाउनशिप में गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान है। इसका निराकरण करने की मांग दया ने रखी है।

बीएसपी क्वार्टर:- टाउनशिप के अधिकांश सेक्टरों के क्वार्टरों की स्थिति ठीक नहीं है। जर्जर और खस्ताहाल अवस्था में होने से रहवासियों पर खतरा मंडरा रहा है।

वेज रिवीजन:- बीएसपी कर्मियों का यह सबसे बड़ा मुद्दा है। लंबे समय से वेज रिवीजन पेंडिंग है। हजारों कर्मियों को इससे फायदा होगा।

बिजली बिल हॉफ योजना:- टाउनशिप के रहवासियों को छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना बिजली बिल हॉफ योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसे लागू करने की मांग। टाउनशिप समेत खुर्सीपार की बिजली सप्लाई राज्य को हैंडओवर करने की मांग।

टाउनशिप की दुकानों का मुद्दा:- टाउनशिप के व्यापारी इन दिनों परेशान है। बीएसपी प्रबंधन ने बेवजह किराया बढ़ा दिया है। दुकानों का लीज नवीनीकरण आगे नहीं बढ़ रहा है। इस पर भी दया सिंह ने केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री से चर्चा की।

सेक्टर-9 अस्पताल:- एक समय में मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे सुविधाओं वाला सेक्टर-9 अस्पताल होता था। अब यह अपनी चमक खो रहा है। सेक्टर-9 अस्पताल को बेहतरीन अस्पताल बनाने की मांग रखी। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका है। इससे पहले सुविधाएं दुरूस्त करने की मांग दया ने केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री से की है।

Related Articles

Back to top button