खास खबरफीचर्डविविध

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच चौथा टी20 मैच आज, विशाखापट्टनम में भारत ने 4 में से 3 मुकाबले जीते

आज 28 जनवरी को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और मेजबान भारतीय क्रिकेट टीम के बीच चल रही 5 मैचों की सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज के पहले तीन मैचों में जीत की हैट्रिक लगाने के साथ ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है और अब वो क्लीन स्वीप की तरफ आगे बढ़ेगी। टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत क्लीन स्वीप करके दुनिया की तमाम टीमों पर अपना दबदबा बनाना चाहेगी…

 

 

विशाखापट्टनम (ए)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी-20 मुकाबला आज विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे किया जाएगा।

इससे पहले खेले गए तीसरे टी-20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल 3-0 से पीछे चल रही है। वाइजैग में भारत का रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है। यहां खेले गए चार टी-20 मुकाबलों में से टीम इंडिया ने तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी।

अर्शदीप की वापसी हो सकती है जसप्रीत बुमराह को इस मैच में आराम दिया जा सकता है। उनके वर्कलोड और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए बुमराह की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिलने की संभावना है। अर्शदीप को तीसरे मैच में रेस्ट दिया गया था।

टी-20 में भारत का पलड़ा भारी न्यूजीलैंड और भारत के बीच अब तक कुल 28 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 15 मैचों में जीत दर्ज की है। जबकि न्यूजीलैंड को 10 मुकाबलों में सफलता मिली है। 3 मैच टाई भी रहे हैं।

भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच 14 टी-20 खेले गए हैं, जहां होम टीम ने 10 मैच जीते, जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ 4 में जीत नसीब हुई। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ लगातार पांचवीं टी-20 सीरीज भी गंवा दी है। टीम कभी भारत में टी-20 सीरीज भी नहीं जीत पाई।

सूर्यकुमार यादव सीरीज के टॉप स्कोरर भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दूसरे टी-20 में 82 और तीसरे में नाबाद 57 रन बनाए थे। फिलहाल वे सीरीज और टीम दोनों के टॉप स्कोरर हैं। उनके अलावा अभिषेक शर्मा 2 और ईशान किशन 1 फिफ्टी लगा चुके हैं। गेंदबाजी में हार्दिक पंड्या टॉप पर हैं।

जैकब डफी न्यूजीलैंड के टॉप बॉलर न्यूजीलैंड के लिए ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 145 रन बनाए हैं, उन्होंने पहले टी-20 में 78 और तीसरे में 48 रन बनाए थे। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज जैकब डफी 3 विकेट ले चुके हैं।

हाई स्कोरिंग है पिच विशाखापट्टनम स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अच्छी बाउंस और रफ्तार मिलती है, जिससे गेंद सीधे बल्ले पर आती है और बड़े स्कोर बनते हैं। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिलने लगती है। वहीं, ओस पड़ने की वजह से टारगेट का पीछा करना आसान हो जाता है। इस स्टेडियम में अब तक 4 टी-20 खेले गए। 3 में चेज करने वाली और 1 में पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली। यहां का बेस्ट स्कोर 209 रन है, जो भारत ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था।

बारिश की संभावना नहीं विशाखापट्टनम में बुधवार को टेम्परेचर 19 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मैच के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह/अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे/फिन ऐलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चापमन/जिमी नीशम , मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमिसन, जैकब डफी, ईश सोढी और मैट हैनरी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button