दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

वैशालीनगर कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर का उद्योगपति केके झा ने गुलाब पंखुडियों की वर्षा कर किया स्वागत, विजयी बनाने का लिया संकल्प

भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर का जनसंपर्क अभियान अपने जोरों पर है। नेहरू नगर में जनसंपर्क के दौरान उद्योगपति व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. के. झा के निवास पर उनका भव्य स्वागत हुआ। मुकेश चंद्राकर के पहुंचते ही ढोल नगाड़े एवं आतिशबाजी से आकाश गूंज उठा। जनसंपर्क में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर के साथ वरिष्ठ नेता बृजमोहन सिंह, गुरमीत धनई, भुवनेश्वरी रानी सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता थे।

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर के स्वागत का सिलसिला शुरू हुआ तो लोग उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े। सर्वप्रथम उद्योगपति के.के. झा ने फूल माला से मुकेश चंद्राकर का स्वागत किया। तत्पश्चात कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। नेहरू नगर रेजिडेंट्स एसोसिएशन, औद्योगिक संगठनों से जुड़े उद्योगपति, मैथिल समाज के पदाधिकारी सहित नेहरू नगर के सामान्य नागरिकों ने मुकेश चंद्राकर का स्वागत किया।

अपने उद्बोधन में उद्योगपति के. के. झा ने कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर को कर्मठ, जुझारू एवं ईमानदार बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमें एक बेदाग छवि वाला पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता प्रत्याशी के रूप में दिया है। अब हमारा कर्तव्य बनता है कि हम भारी बहुमत से मुकेश चंद्राकर को विजयी बनाएं। आप सभी लोगों का एक-एक मत हमें चाहिए। वरिष्ठ नेता बृजमोहन सिंह ने कहा कि पिछले तीन दशक से मुकेश चंद्राकर राजनीति के क्षेत्र में हैं। मानव सेवा व कल्याण के क्षेत्र में उन्होंने चंदूलाल चंद्राकार हॉस्पिटल के माध्यम से लोगों की काफी सेवा की है। कांग्रेस पार्टी में जब भी उनकी जरूरत पड़ी उन्होंने पूरे दमखम के साथ पार्टी का काम किया है।

अपने स्वागत से अभिभूत कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर ने इस अवसर पर कहा कि इतने लोग यहां इकट्ठा हुए हैं इसे देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले तीन दशक से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। पार्टी ने जब भी, जो भी जिम्मेदारी दी उसका निर्वहन उन्होंने पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से किया। अब पार्टी ने टिकट देकर बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वे अपने वरिष्ठ साथियों के मार्गदर्शन, आशीर्वाद और सहयोग से जनसंपर्क में रात दिन जुटे हुए हैं। उन्होंने सभी से जीत का आशीर्वाद मांगा।

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर के उद्बोधन के पश्चात उपस्थित समस्तजनों ने गुलाब की पंखुड़ियां से उन पर बारिश की और विजयी भव का आशीर्वाद दिया। साथ ही सभी ने मुकेश चंद्राकर को भारी बहुमत से जिताने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button