दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

परिवहन चेक पोस्ट बंद होने का इंद्रजीत सिंह ने किया स्वागत, कहा- परिवहन चेक पोस्ट बंद होने से ट्रांसपोर्टर्स को मिलेगी राहत

भिलाई। केन्द्र सरकार ने वर्तमान में जिन राज्यों के परिवहन चेक पोस्ट चालू है उन्हें बंद करने का आदेश जारी किया है। हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी भिलाई के डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह उर्फ छोटू ने इस निर्णय को ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के हित में बताते हुए स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि परिवहन चेक पोस्ट बंद होने से ट्रांसपोर्टर्स को राहत मिलेगी।

केन्द्र सरकार ने परिवहन चेक पोस्ट बंद करने राज्य सरकारों को आदेश जारी किया है। ऐसे राज्यों में छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, केरल, तेलंगाना, आन्ध्रप्रदेश, पुदुचेरी, गोवा, उत्तराखंड व राजस्थान शामिल है। छत्तीसगढ़ राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा बंद कर दिए गए परिवहन चेक पोस्ट को फिर से शुरू किया गया था।

ऐसे 16 चेक पोस्ट पाटेकोहरा, छोटा मानपुर व मानपुर (राजनांदगांव) चिल्फी (कबीरधाम), खम्हारपाली और बागबाहरा (महासमुंद), केंवची (बिलासपुर) धनवार व रामानुगंज (बलरामपुर), घुटरीटोला और चांटी (कोरिया) रेंगारपाली (रायगढ़), शंख व उप जांच चौकी लावाकेरा (जशपुर) कोंटा (सुकमा) और धनपूंजी (बस्तर) है, जिन्हें केन्द्र सरकार के आदेश पर अब बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस लंबे समय से मांग कर रही थी।

हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि राज्यों की सीमा पर बने परिवहन चेक पोस्ट पर जांच की औपचारिकता के लिए गाडिय़ों के घंटों खड़े रहने से अतिरिक्त डीजल की खपत होती है। वहीं गाडिय़ों को गंतव्य तक पहुंचने में लेटलतीफी का शिकार होना पड़ता है। लेकिन अब जब परिवहन चेक पोस्ट को बंद किया जा रहा है तो ट्रांसपोर्टर्स को इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button