खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

केजरीवाल-सिसोदिया और अवध ओझा को मिली हार, आतिशी जीती, दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार

दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को रुझानों में बहुमत मिल गया है। जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया हार गए हैं। अरविंद केजरीवाल को भी हार मिली है…

 

नईदिल्ली (ए)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर प्रवेश वर्मा ने उन्हें करारी शिकस्त दी है। केजरीवाल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने प्रवेश वर्मा और कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को टिकट दिया था। प्रवेश वर्मा ने इस चुनाव में अपने सियासी करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलते दिख रही है। कांग्रेस खाता भी खोलते नहीं दिख रही है।

नई दिल्ली विधानसभा सीट पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों के बीच मुकाबला था। अंत में बाजी प्रवेश वर्मा के हाथ लगी। प्रवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। वहीं, संदीप दीक्षित दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे हैं।

अरविंद केजरीवाल के साथ आम आदमी पार्टी के कई अन्य बड़े नेताओं को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। मनीष सिसोदिया को भी जंगपुरा सीट पर हार मिली है। वहीं पटपड़गंज विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार अवध ओझा (सर) को भी हार का सामना करना पड़ा है।

केजरीवाल ने चुनाव से पहले कहा था कि अगर आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो वह चौथी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मनीष सिसोदिया को डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान किया था। हालांकि, पार्टी के दोनों बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी से चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को चुनाव हरा दिया है। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा भी चुनाव हार गई हैं। जानकारी के अनुसार, सीएम आतिशी करीब तीन हजार वोटों से चुनाव जीती हैं।

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता मनीष सिसोदिया जंगपुरा विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। बीजेपी उम्मीदवार तरविंदर सिंह मारवाह ने उन्हें 600 वोटों से पटखनी दी है। सिसोदिया ने अपनी हार स्वीकर करते हुए बीजेपी उम्मीदवार को जीत की बधाई दी है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पटखनी दे दी है। प्रवेश वर्मा ने इस सीट पर शनदार जीत दर्ज करते हुए भगवा लहरा दिया है। प्रवेश वर्मा अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button