खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पहले दिन 5 लाख भक्तों ने रामलला के दर्शन कर बनाया रिकार्ड: आज दूसरे दिन भी रामपथ पर लगी लंबी कतार, 8000 हजार पुलिसकर्मी के साथ IG ने संभाला मोर्चा, 100 किमी दूर से ही भीड़ काबू करने का प्रयास जारी

मंगलवार को राम मंदिर के कपाट आम भक्तों के लिए खोले गए थे.पहले दिन 5 लाख लोगों में रामलला के दर्शन किए है जो एक रिकॉर्ड है…

अयोध्या (ए)। अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खुल चुके हैं. आम लोगों के दर्शन के लिए मंदिर खोलने के बाद पहले दिन मंगलवार (23 जनवरी) को भारी भीड़ उमड़ी. भक्त रामलला के दर्शन को इस कदर बेताब थे कि पहले ही दिन करीब 5 लाख लोगों ने मंदिर में दर्शन किया. श्रद्धालुओं की आस्था के सैलाब को संभालने के लिए 8000 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए. हालांकि, अत्यधिक भीड़ के चलते प्रशासन को फिर भी कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आज भी सुबह से रामपथ पर भक्तो को भारी भीड़ मौजूद है। सीएम के बाद अब आईजी ने मोर्चा संभालते हुए भक्तो से अपील की है।

ऐसा कहा जा रहा है कि देश के किसी भी मंदिर में एक दिन में इतने अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का रिकॉर्ड नहीं रहा है. ‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट की मानें तो इतनी अधिक संख्या में लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और अन्य पक्षों को निर्देश दिया है कि रामलला के सहज दर्शन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं।

CM ने लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए की हालात की समीक्षा
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए. फिलहाल अयोध्या में आने वाली सभी गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है. गाड़ियों के लिए की गई ऑनलाइन बुकिंग को भी कैंसिल कर दिया गया है. ऐसा भीड़ नियंत्रित करने के लिए किया जा रहा है, जबकि यूपी के सूचना निदेशक शिशिर सिंह ने बताया कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए भक्तों की जबरदस्त भीड़ पहुंचने पर प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद और डीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार खुद गर्भगृह में थे. उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।

‘हमेशा के लिए रहेगा मंदिर, हड़बड़ाएं नहीं’
उधर, अत्यधिक भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश में अयोध्या रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने आज 24 जनवरी, 2024 को बताया कि भीड़ लगातार हो रही है. जो लोग बुजुर्ग और दिव्यांग हैं, वे फिलहाल दो हफ्ते के लिए मंदिर का दौरा टाल दें. युवा दर्शन कर रहे हैं और हम लोग भी सारी व्यवस्थाएं कर रहे हैं. यह मंदिर हमेशा के लिए यहां रहने वाला है, और भी सुचारू व्यवस्थाएं होंगी. इसलिए हड़बड़ाने की जरूरत नहीं है।

100 Km दूर से ही भीड़ काबू करने का प्रयास
रामलला के दर्शन के लिए भारी भीड़ के मद्देनजर अयोध्या से 100 किमी दूर बाराबंकी में ही पुलिस ने लोगों से आगे न जाने की अपील की थी. अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के चलते सभी वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया. भीड़ का आलम यह रहा कि मंदिर प्रबंधन ने सभी गाड़ियों को पंचकोसी परिक्रमा पथ के पास रोकना शुरू कर दिया था, जबकि पहले दिन इतनी अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे कि कुछ देर के लिए दर्शनार्थियों की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button