दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

पीएचई मंत्री ने सामाजिक संस्था श्रीराधेकृष्ण मंच द्वारा निर्मित कोविड सेंटर का निरीक्षण कर कहा- सबकी सहभागिता से हारेगा कोरोना

दुर्ग। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने आज दुर्ग जिले के जामुल नगर पालिक परिषद अंतर्गत सामाजिक संस्था श्री राधेकृष्ण मंच द्वारा निर्मित कोविड सेंटर का निरीक्षण किया। एवं संस्था के पदाधिकारियों व मेडिकल टीम से सौजन्य मुलाकात कर इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। मंत्री श्री गुरू रूद्रकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आह्वान पर सामाजिक संस्था, समाजसेवी संस्था, स्वयंसेवी संस्था, उद्योगपति और जनप्रतिनिधियों ने कोरोना की लड़ाई में बढ़-चढ़कर अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सबकी सहभागिता से ही कोरोना को हराने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए जरूरी है कि राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करें और लोगों में जनजागरूकता लाएं।
तत्पश्चात श्री रुद्रकुमार ने जामुलनगर पालिका परिषद एवं एसीसी ट्रस्ट द्वारा जामुल नगर पालिक परिषद में 24 * 7 कोविड सहायतार्थ एम्बुलेंस का लोकार्पण किया और विभिन्न महिला स्व-सहायता समूह की 54 महिलाओं को कोरोना किट भी प्रदान की। एसीसी ट्रस्ट द्वारा सुरडुंग सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 50 लीटर सेनेटाइजर और एक ऑटोमेटिक सेनेटाइजर मशीन दी है। मंत्री श्री गुरू रूद्रकुमार ने एसीसी ट्रस्ट द्वारा दी गई सहायता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कोरोना का यह संक्रमण काल अभी समाप्त नहीं हुआ है। आने वाले समय में कोरोना के बढ़ते प्रभाव से निपटने में सामाजिक संस्था, समाजसेवी संस्था, स्वयंसेवी संस्था, उद्योगपति और जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरोजनी चन्द्राकर, एसीसी ट्रस्ट के एचआर मैनेजर अनिल सिंह, एसडीएम विनय पोयाम, सीएमओ राजेन्द्र नायक सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी और नागरिकगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button