खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी आज हरियाणा को देंगे विशेष सौगात: मेट्रो, स्वास्थ्य और रेलवे से जुड़ी 9750 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री कई रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित भी करेंगे. जिन रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शुक्रवार (16 फरवरी) को रेवाड़ी, हरियाणा का दौरा करेंगे. वे हरियाणा को करोड़ों की सौगात सौंपेंगे. पीएम मोदी दोपहर, प्रधानमंत्री शहरी परिवहन, स्वास्थ्य, रेल और पर्यटन क्षेत्र से संबंधित 9,750 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री करीब 5,450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखेंगे. 28.5 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली इस परियोजना में मिलेनियम सिटी सेंटर को उद्योग विहार चरण-5 से जोड़ा जाएगा और साइबर सिटी के पास मौलसारी एवेन्यू स्टेशन पर रैपिड मेट्रो रेल गुरुग्राम के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क में इसे मिला दिया जाएगा. द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी इसका विस्तार होगा।

देशभर में सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रेवाड़ी, हरियाणा की आधारशिला रखी जा रही है. इस पर लगभग 1,650 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसे रेवाड़ी के गांव माजरा मुस्तिल भालखी में 203 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा. इसमें 720 बिस्तरों वाला अस्पताल परिसर, 100 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज, 60 सीटों वाला नर्सिंग कॉलेज, 30 बिस्तरों वाला आयुष ब्लॉक, संकाय और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा, यूजी और पीजी छात्रों के लिए छात्रावास, रैन बसेरा, गेस्ट हाउस, सभागार आदि सहित कई सुविधाएं होंगी।

AIIMS रेवाड़ी हरियाणा के लोगों को व्यापक और गुणवत्तापूर्ण और समग्र तृतीयक देखभाल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा. वहां बनने वाली सुविधाओं में कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रो-एंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल एंडोक्रिनोलॉजी, बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी सहित 18 स्पेशलिएटी और 17 सुपर स्पेशलिएटी में रोगी देखभाल सेवाएं शामिल हैं।

इस संस्थान में गहन देखभाल इकाई, आपातकालीन और ट्रॉमा इकाई, सोलह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशालाएं, ब्लड बैंक, फार्मेसी आदि की सुविधाएं भी होंगी. हरियाणा में AIIMS की स्थापना हरियाणा के लोगों के लिए व्यापक, गुणवत्तापूर्ण और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में एक बड़ी उपलब्धि है. प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में नवनिर्मित अनुभव केंद्र का उद्घाटन करेंगे. इस अनुभवात्मक संग्रहालय को लगभग 240 करोड़ की लागत से बनाया गया है. यह संग्रहालय 17 एकड़ में फैला है, जिसमें एक लाख वर्ग फुट से अधिक इनडोर जगह है. यह महाभारत की महाकाव्य कथा और गीता की शिक्षाओं को जीवंत करेगा।

कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर वह पवित्र स्थल है, जहां भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता का शाश्वत ज्ञान प्रदान किया था. प्रधानमंत्री कई रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित भी करेंगे. जिन रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें रेवाड़ी-काठुवास रेल लाइन (27.73 किलोमीटर) का दोहरीकरण, काठूवास-नारनौल रेल लाइन (24.12 किमी) का दोहरीकरण, भिवानी-डोभभाली रेल लाइन (42.30 किमी) का दोहरीकरण और मानहेरू-बवानी खेड़ा रेल लाइन (31.50 किमी) का दोहरीकरण शामिल है।

इन रेलवे लाइनों के दोहरीकरण से क्षेत्र में रेल बुनियादी ढांचे में वृद्धि होगी और यात्री रेल तथा मालगाड़ियों दोनों को समय पर चलाने में मदद मिलेगी. प्रधानमंत्री रोहतक-महम-हांसी रेल लाइन (68 किलोमीटर) राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे रोहतक और हिसार के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा. प्रधानमंत्री रोहतक-महम-हांसी खंड में ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे रोहतक और हिसार क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा और रेल यात्रियों को लाभ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button