देश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस से की मुलाकात, द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर हुई चर्चा

अमेरिका ने अधिकतर व्यापारिक साझेदारों के लिए नए टैरिफ को 90 दिनों के लिए घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया है ताकि बातचीत के लिए समय मिल सके। उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं…

 

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत में ‘महत्वपूर्ण प्रगति’ का स्वागत किया। यह समझौता दोनों देशों के लोगों के कल्याण पर केंद्रित है और इसे पारस्परिक रूप से दोनों देशों के लिए लाभकारी बताया गया है।

इस मुलाकात के दौरान ऊर्जा, रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए और समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को आगे का रास्ता बताया।

उपराष्ट्रपति वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा वेंस, उनके बच्चे और अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने वेंस परिवार को भारत में सुखद और सफल प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए भी अपने गर्मजोशी भरे अभिवादन भेजे। उन्होंने यह भी कहा कि वे राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो इसी साल होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर जनवरी में वाशिंगटन डीसी में हुई अपनी यात्रा को भी याद किया, जहां उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ “मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA)” और “विकसित भारत 2047” के साझा दृष्टिकोण पर आधारित सहयोग की रूपरेखा तय की थी। गौरतलब है कि यह उच्चस्तरीय यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं चल रही हैं।

हाल ही में अमेरिका ने कई देशों, जिनमें भारत भी शामिल है, पर पारस्परिक टैरिफ लगाए थे। हालांकि, अमेरिका ने अधिकतर व्यापारिक साझेदारों के लिए नए टैरिफ को 90 दिनों के लिए घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया है ताकि बातचीत के लिए समय मिल सके। उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। यह उनका भारत का पहला आधिकारिक दौरा है। वे नई दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएंगे और 24 अप्रैल को वॉशिंगटन लौटेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button