खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

“ऑपरेशन मुस्कान” अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस को मिली अच्छी कामयाबी, 814 गुमशुदा बच्चों को दस्तयाब किया

रायपुर। पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम के निर्देशन एवं पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में गुमशुदा बच्चों की पतासाजी हेतु प्रदेशव्यापी अभियान ऑपरेशन मुस्कान दिनांक 01 जुलाई से 31 जुलाई, 2025 तक चलाया गया, जिसमें राज्य पुलिस को अच्छी सफलता मिली है।

ऑपरेशन मुस्कान के प्रभावी संचालन के संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा जिलों को विभिन्न दिशा-निर्देश दिये गये, जिसे पुलिस अधीक्षकों एवं जिलों में नामांकित नोडल अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए इस अभियान को सफल बनाने में अपना सराहनीय योगदान दिया।

इस दौरान जिलों में गठित पुलिस टीम द्वारा हर संभावित स्थानों पर जाकर गुमशुदा बच्चों को बरामद किया गया। ऑपरेशन मुस्कान के दौरान 113 बालक एवं 701 बालिकाओं इस प्रकार राज्यभर के कुल 814 गुमशुदा बच्चों को दस्तयाब किया गया है।

उक्त बरामद बच्चों में से 122 बच्चों को विभिन्न राज्यों यथा उत्तरप्रदेश से 09, बिहार-06, मध्यप्रदेश-24, आंध्रप्रदेश-04, तेलंगाना-12, ओडिशा-08, दिल्ली-03, महाराष्ट्र-31, पंजाब-01, हरियाणा-01, गुजरात-03, राजस्थान-04, झारखण्ड-05, जम्मू-कश्मीर-04, तमिलनाडू-06, एवं हिमाचल प्रदेश से 01 बच्चे को बरामद किया गया है।

सर्वाधिक दस्तयाबी की कार्यवाही करते हुए जिला दुर्ग द्वारा 181, बिलासपुर 151 एवं जांजगीर-चांपा द्वारा 60 गुमशुदा बच्चों को दस्तयाब किया गया है। ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से दस्तयाब किये गये बालक/बालिकाओं को पुलिस द्वारा विधिवत उनके परिजनों के सुपुर्द कर गुमशुदा बच्चों एवं उनके पालकों के चेहरों पर मुस्कान वापस लौटाने में सफलता प्राप्त की गई है।

बेटी 7 साल बाद मिलीः वर्ष 2018 में जिला दुर्ग के थाना सुपेला में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि इनकी पुत्री बिना बताये कही चली गई आसपास जान-पहचान, रिश्तेदारों के यहां पूछने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा बालिका के दस्तयाबी के लगातार प्रयास किये जाते रहे और आखिरकार ऑपरेशन मुस्कान के दौरान पुलिस को सफलता हाथ लगी और छपरा बिहार से बालिका को दस्तायाब करते हुए परिजनों के सुपुर्द कर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाई गई।

6 साल बाद घर वापस आई बच्चीः वर्ष 2019 में जिला बिलासपुर के थाना सीपत में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि इनकी भांजी अपनी सहेलियो के साथ स्कूल पढ़ने गयी थी, जो घर वापस नही आई काफी खोजबीन करने के बाद भी नहीं मिली। ऑपरेशन मुस्कान के दौरान पुलिस टीम द्वारा 06 साल बाद बालिका को खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर उनके चेहरे पर मुस्कान वापस लौटाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button