खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश की जनता को लिखा पत्र, कहा- मुझे भरोसा है कि आप सभी का आशीर्वाद…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की जनता के नाम पत्र लिखकर एक बार फिर से समर्थन मांगा है. आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी को वोट देने की अपील की है…

नईदिल्ली (ए)। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर गहमागहमी जारी है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की जनता के नाम पत्र लिखा और एक बार फिर सूबे में सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी पर अटूट विश्वास के चलते जनता यहां फिर से डबल इंजन की सरकार बनाएगी। पीएम मोदी ने गुरुवार (19 अक्टूबर) को पत्र शेयर करते हुए कहा, ”बीते 20 वर्षों में हमने मध्य प्रदेश के अपने परिवारजनों के सहयोग से ना सिर्फ राज्य का अभूतपूर्व विकास किया है, बल्कि जन-जन का विश्वास भी जीता है. मुझे भरोसा है कि आप सभी का आशीर्वाद इस बार भी भाजपा को ही मिलेगा।”

पीएम मोदी ने पूर्व के कांग्रेस के शासन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि 2003 से पहले के मध्य प्रदेश को कोई नहीं भूल सकता है. पूर्व सरकार के दौरान प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता ने बीजेपी के पिछले 20 साल के शासन पर भरोसा जताया है. इसके चलते एमपी देश की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।

पीएम ने शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा सरकार के अथक प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि बीजेपी के 20 साल के शासन में प्रदेश में 5 लाख किमी से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ. वहीं, 16 फीसदी से अधिक आर्थिक विकास दर, 65 लाख से ज्यादा घरों में नल से जल, 28 हजार मेगावाट ऊर्जा उत्पादन हुआ. इस सभी को देखकर गर्व की अनुभूति हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह 20 साल न सिर्फ मध्य प्रदेश के विकास बल्कि जनता के विश्वास के भी रहे हैं. आज मध्य प्रदेश का विकास मॉडल पूरे देश के लिए गरीबों के कल्याण, महिला के उत्थान एवं समग्र प्रोत्साहन का मॉडल बन गया है. बीजेपी सरकार ने अपने गरीबों के कल्याण के संकल्प की सिद्धि के लिए मध्य प्रदेश के हर वंचित के लिए अनगिनत योजनाएं चलाई हैं. इन योजनाओं की वजह से आज मध्य प्रदेश में 1.36 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया जा सका है।

पीएम ने कहा कि महिला कल्याण के प्रति समर्पण भाव रखते हुए लाडली बहनों की उन्नति के लिए निरंतर काम किया है. आज मध्य प्रदेश के किसानों, दलितों, आदिवासियों एवं युवाओं का वर्तमान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के चलते बेहतर हुआ है और उनके सामने एक उन्नत भविष्य राह देख रहा है।

वर्ष 2014 से पहले, केंद्र की कांग्रेस सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण, मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार को जनकल्याण एवं प्रदेश के विकास में अनेक कठिनाइयां आती थीं.  आज पूरा देश साक्षी है कि 2014 के बाद केंद्र में बीजेपी सरकार बनने के बाद मध्य प्रदेश के भीतर एक नई क्षमता का विस्तार हुआ।

‘एमपी भारत के टॉप 3 अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल होने की राह पर बढ़ रहा’
मध्य प्रदेश को एक उज्ज्वल भविष्य दिया है. वहीं, अपने गौरवशाली इतिहास को भी सहेजा है. यह जनता और डबल इंजन सरकार के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि मध्य प्रदेश भारत के टॉप 3 अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल होने की राह पर तेजी से बढ़ रहा है।

‘2014 एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अभूतपूर्व विजय दिलाई थी’
पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के साथ उनका एक विशेष जुड़ाव रहा है. 2014 एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अभूतपूर्व विजय दिलाई थी. पीएम ने विश्वास जताया कि उसी तरह आने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी सीधा समर्थन मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button