खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल को दी पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात, तिरुवनंतपुरम में किया रोड शो

यह वंदे भारत ट्रेन केरल के तिरुवनंतपुरम से कासरगोड तक चलेगी. इससे पहले पीएम ने तिरुवनंतपुरम में रोड शो कर लोगों का अभिवादन किया…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर केरल आए हुए हैं। उन्होंने इस दौरान मंगलवार को सुबह 11:10 बजे तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्टेशन से तिरुवनंतपुरम और कासरगोड के बीच राज्य की पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, ये ट्रेन 11 जिलों में चलेगी. इनमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, पठानमथिट्टा, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड शामिल हैं।

आज सुबह ही पीएम मोदी तिरुवनंतपुरम पहुंचे थे. यहां प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उन्होंने यहां पहुंचने पर रोड शो करके लोगों का अभिवादन भी किया. इसके बाद वह सेंट्रल रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए।

वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम नरेन्द्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम में डिजिटल साइंस पार्क की आधारशिला रखी. उन्होंने तिरुवनंतपुरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1 से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले पीएम मोदी ने ट्रेन के एक डिब्बे के अंदर स्कूली बच्चों के एक ग्रुप के साथ बातचीत भी की. केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी पीएम के साथ मौजूद थे. इस दौरान बच्चों ने मोदी को खुद से बनाई हुई पेंटिंग और वंदे भारत ट्रेन के स्केच दिखाए।

पीएम को ट्रेन को हरी झंडी दिखाते देख सैकड़ों लोग दूसरी तरफ के प्लेटफॉर्म पर भी जमा हो गए. वंदे भारत एक्सप्रेस राज्य की राजधानी को केरल के सबसे उत्तरी कासरगोड जिले से जोड़ेगी. पीएम मोदी के दौरे को लेकर राज्य में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button