खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रगति मैदान में ‘भारत मंडपम’ का किया उद्घाटन, कहा- भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है, भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य का, भारत की नई उर्जा का आह्वान है

पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के प्रगति मैदान में नए आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स ‘भारत मंडपम’ का उद्घाटन किया. पीएम ने इस दौरान स्मारक टिकट और सिक्का भी जारी किया…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में नए आईटीपीओ कॉम्प्लेक्स ‘भारत मंडपम’ का उद्घाटन किया. इस उद्घाटन समारोह में पीएम के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राजनाथ सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह, अभिनेता आमिर खान और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए. पीएम मोदी ने प्रगति मैदान में पुनर्विकसित भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) परिसर में इसके आधिकारिक उद्घाटन से पहले पूजा की. उन्होंने परिसर के निर्माण में शामिल मजदूरों से बातचीत की और उन्हें सम्मानित किया।

पीएम मोदी का संबोधन पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत मंडपम के लिए पूरे देश को बधाई देता हूं. भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है. भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य का, भारत की नई उर्जा का आह्वान है. भारत मंडपम भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन है।

पीएम ने कहा कि इस निर्माण को रोकने के लिए नकारात्मक सोच वालों ने क्या-क्या कोशिशें नहीं की, अदालतों के चक्कर काटे थे. कुछ लोगों की फितरत होती है हर अच्छे काम को रोकने, टोकने की. जब कर्तव्य पथ पर बन रहा था तो न जाने क्या क्या कथाएं चल रही थीं. अखबार, ब्रेकिंग न्यूज में न जाने क्या-क्या चल रहा था. कर्तव्य पथ बनने के बाद वे लोग भी दबी जुबान में कहने लगे कि अच्छा हुआ है।

श्रमजीवियों की तारीफ की उन्होंने कहा कि इसके निर्माण में लगे श्रमजीवियों को मैं धन्यवाद करता हूं. उनके प्रयासों और मेहनत से ये काम पूरा हो पाया. भारत मंडपम के निर्माण से जुड़े हर श्रमिक भाई-बहन की मेहनत देख, पूरा भारत विस्मित है, चकित है. कोरोना के कठिन काल में जब हर तरफ काम रुका हुआ था, हमारे देश के श्रमजीवियों ने दिन-रात मेहनत करके इसका निर्माण पूरा किया है. मैं यहां उपस्थित अन्य गणमान्य लोगों का भी अभिनंदन करता हूं।

विजय दिवस पर क्या बोले पीएम? कारगिल विजय दिवस पर पीएम ने कहा कि आज का दिन हर देशवासी के लिए ऐतिहासिक है. आज कारगिल विजय दिवस है. देश के दुश्मनों ने जो दुस्साहस दिखाया था, उसे मां भारती के बेटे-बेटियों ने अपने पराक्रम से परास्त कर दिया था. कारगिल युद्ध में अपना बलिदान देने वाले प्रत्येक वीर को मैं कृतज्ञ राष्ट्र की तरफ से श्रद्धांजलि देता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया ये स्वीकार कर रही है कि भारत ‘लोकतंत्र की जननी’ है. आज जब हम आजादी के 75 वर्ष होने पर ‘अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं, यह भारत मंडपम हम भारतीयों द्वारा अपने लोकतंत्र को दिया एक खूबसूरत उपहार है. कुछ हफ्तों बाद यहां जी20 से जुड़े आयोजन होंगे. दुनिया के बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष यहां उपस्थित होंगे. भारत के बढ़ते कदम और भारत का बढ़ता कद इस भारत मंडपम से पूरी दुनिया देखेगी।

तीसरे टर्म को लेकर किया ये दावा प्रधानमंत्री ने कहा कि जल्द ही दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम बनकर तैयार हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारे पहले टर्म की शुरुआत में भारत वर्ल्ड इकॉनमी में दसवें स्थान पर था. जब आपने मुझे काम दिया तब हम दस नंबरी थे. दूसरे टर्म में भारत दुनिया में पांचवी सबसे बड़ी इकॉनमी है. भारत हमारे तीसरे टर्म में वर्ल्ड इकॉनमी में टॉप 3 पर होगा. ये मोदी की गारंटी है।

केंद्रीय मंत्री ने किया कार्यक्रम को संबोधित इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, जिन्होंने देश की सोच बदली, मानसिकता बदली, जिन्होंने हमें ये प्रेरणा दी कि हम विकसित भारत के लिए अपने कर्तव्य निभाएं, हमारे ऐसे यशस्वी पीएम मोदी का मैं स्वागत करता हूं. मैं बाकी लोगों का भी स्वागत करता हूं।

उन्होंने कहा कि पीएम ने इस कॉम्प्लेक्स के बनने के दौरान पल-पल की जानकारी ली थी. ‘भारत मंडपम’ हम सबके लिए एक गौरव का प्रतीक है. ये हम सबको आगे के लिए एक नई सोच के साथ एक आधुनिक और विकसित भारत बनाने कि लए प्रोत्साहित करता है।

2,700 करोड़ रुपये की लागत से किया विकसित प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया था कि प्रगति मैदान में इस परियोजना को लगभग 2,700 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है. पीएमओ के मुताबिक, लगभग 123 एकड़ भूभाग में तैयार यह परिसर देश के सबसे बड़े बैठक, सम्‍मेलन और प्रदर्शनी केन्‍द्र के रूप में विकसित किया गया है. इसमें सितंबर के महीने में जी20 नेताओं की बैठक की मेजबानी भी की जाएगी।

बड़े कार्यक्रमों के लिए किया गया डिजाइन सरकार की ओर से एक बयान जारी कर बताया गया कि कन्वेंशन सेंटर को प्रगति मैदान परिसर के केंद्रबिंदु के रूप में विकसित किया गया है. इसे बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों, व्यापार मेलों, सम्मेलनों और अन्य प्रतिष्ठित कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए डिजाइन किया गया है।

इसमें कहा गया है कि इसके बहुउद्देश्यीय हॉल और प्लेनरी हॉल की संयुक्त क्षमता सात हजार लोगों की है, जो ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध सिडनी ओपेरा हाउस की बैठने की क्षमता से ज्यादा है. इसके शानदार एम्फीथिएटर में 3,000 व्यक्तियों की बैठने की क्षमता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button