खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीजेपी पदाधिकारियों को दिया मंत्र, सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का दिया संदेश

भाजपा की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचे। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शॉल पहनाकर उनका स्वागत किया…

नईदिल्ली (ए)। अगले साल होने वाले लोकसभा के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की शुक्रवार से दो दिवसीय बैठक शुरू हुई। बंद कमरे में हुई बैठक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संबोधित किया। आधिकारिक तौर पर पार्टी की तरफ से कुछ नहीं बताया गया है कि पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक में क्या कुछ कहा।

लेकिन सूत्रों ने कहा कि पार्टी नेताओं को यह संदेश दिया गया है कि चुनाव की घोषणा में अब तीन महीने से भी कम समय रह गया है, ऐसे में वे सरकार के अच्छे कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। सरकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताने के लिए शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा को मिल रहे सकारात्मक फीडबैक के बारे में भी चर्चा हुई। भाजपा ने अपने सदस्यों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।

बाद में जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भाजपा देश के मुख्य आधार युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को सशक्त बनाकर विकसित भारत के निर्माण की राह पर आगे बढ़ रही है। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को बैठक में शामिल हो सकते हैं।

दक्षिणी राज्यों को किया जाएगा फोकस
भाजपा ने लोकसभा चुनावों में तीन राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में जीत हासिल की है। इसके साथ ही आगामी आम चुनाव के लिए पार्टी अपना प्रचार कार्यक्रम तैयार करने जा रही है। इसमें दक्षिणी राज्यों पर विशेष फोकस किए जाने की उम्मीद है।

पार्टी कार्यालय पहुंचे जेपी नड्डा दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा करेंगे और इसमें राज्य प्रमुख, महासचिव, प्रभारी और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके लिए वह पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं। सूत्रों ने कहा कि पार्टी इंडिया गठबंधन के दलों द्वारा एक साथ चुनाव लड़ने के प्रयासों के मद्देनजर लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा करेगी।

बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा की समीक्षा किए जाने की भी उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण और गतिविधियों पर भी चर्चा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button