दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय का जन्मदिन आज, शुभचिंतको से की अपील ना करे सार्वजनिक आयोजन, फ्री वैक्सीन और अनाज देने के लिए पीएम मोदी का जताया आभार

भिलाई। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने फेसबुक लाइव के माध्यम से जनता से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 21 जून से सभी राज्यों को 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के टीकाकरण के लिए मुफ्त वैक्सीन देने की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह देश के 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए टीकाकरण सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगा।
पूर्व विस अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व के कारण ही पिछले वर्ष देश कोरोना महामारी की पहली लहर से निपटने में सफल रहा और उम्मीद जताई कि देश जल्द ही इस महामारी की दूसरी लहर से सफलतापूर्वक बाहर निकलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की समयावधि को इस वर्ष नवंबर तक बढ़ाने के निर्णय के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। यह योजना महामारी के समय में हर महीने निश्चित मात्रा में मुफ्त राशन प्रदान करके देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को लाभांवित करेगी।

पूर्व विस अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने अपने फेसबुक लाइव के दौरान कोरोनाकाल में श्रीराम जन्मोत्सव समिति के सदस्यों द्वारा जनसेवा में किये गये कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों ने इस मुश्किल हालात में जरूरतमंदों को सूखा राशन, दो वक्त का भोजन, चिकित्सकीय मदद सहित गौसेवा के पुनीत कार्य में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और सभी को मदद पहुंचाने का प्रयास किया। सभी सदस्य साधुवाद के पात्र हैं।
पूर्व विस अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने 9 जून को अपने जन्मदिन के अवसर पर अपने शुभचिंतकों से किसी भी प्रकार के सार्वजनिक आयोजन न करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मेरे सारे शुभचिंतकों, बड़े- बुजुर्गों और अनुजों के शुभकामना संदेश मिल रहे हैं। मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं, सभी का धन्यवाद देता हूं और सभी से अनुरोध करता हूं कि कोरोना काल के इस दौरान आप सभी अपने आसपास यदि कोई जरूरतमंद हो तो उसकी मदद करें। साथ ही इस मुश्किल दौर में जिन लोगों ने अपने परिवारजनों को खोया है यदि उन्हें किसी प्रकार की सहयोग की आवश्यकता हो, उनकी सहायता करें।

Related Articles

Back to top button