फीचर्डविविध

बेंगलुरु की घर में हार का सिलसिला जारी, पंजाब ने पांच विकेट से हराया

पंजाब की टीम इस जीत से अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके सात मैचों में पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक हैं। वहीं, आरसीबी की टीम की सात मैचों में यह तीसरी हार है और वह चार जीत के साथ आठ अंक लेकर फिलहाल चौथे स्थान पर है…

 

बेंगलुरु (ए)। पंजाब किंग्स ने नेहाल वढेरा की शानदार बल्लेबाजी की मदद से आरसीबी को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। आरसीबी और पंजाब के बीच यह मुकाबला बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ था और मैच को 14-14 ओवर कराने का फैसला किया गया था। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो सही साबित हुआ। आरसीबी की टीम 14 ओवर में नौ विकेट पर 95 रन ही बना सकी। जवाब में पंजाब ने 12.1 ओवर में पांच विकेट पर 98 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंजाब के लिए नेहाल वढेरा ने सबसे ज्यादा 19 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार को दो सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने 32 रन पर दो विकेट गंवा दिए। प्रभसिमरन सिंह 13 और प्रियांश आर्या 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पंजाब का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा तो टीम ने कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट भी गंवा दिया जो सात रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस के आउट होने के तुरंत बाद हेजलवुड ने जोश इंग्लिस को आउट किया जो 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर नेहाव वढेरा ने कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन शशांक सिंह के रूप में पंजाब ने पांचवां विकेट भी गंवा दिया। शशांक एक रन बनाकर आउट हुए। मैच रोमांचक स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन नए बल्लेबाज के रूप में उतरे मार्कस स्टोइनिस ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। स्टोइनिस दो गेंदों पर सात रन बनाकर नाबाद लौटे।
टिम डेविड की शानदार बल्लेबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पंजाब किंग्स के सामने जीत के लिए 96 रनों का लक्ष्य रखा है। पंजाब ने बारिश से बाधित इस मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। आरसीबी की बल्लेबाजी बेहद खराब रही, लेकिन अंत में डेविड ने 26 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए जिससे आरसीबी 14 ओवर में नौ विकेट पर 95 रन बनाने में सफल रहा। बारिश के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ और प्रत्येक पारी 14-14 ओवर कराने का फैसला हुआ।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की शुरुआत खराब रही और उसकी आधी टीम 33 रन पर पवेलियन लौट गई। आरसीबी का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। टिम डेविड के अलावा सिर्फ कप्तान रजत पाटीदार ही दहाई अंक तक पहुंच सके। पाटीदार 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल और हरप्रीत बरार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जेवियर बार्टलेट को एक विकेट मिला।

पंजाब की टीम इस जीत से अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसके सात मैचों में पांच जीत और दो हार के साथ 10 अंक हैं। वहीं, आरसीबी की टीम की सात मैचों में यह तीसरी हार है और वह चार जीत के साथ आठ अंक लेकर फिलहाल चौथे स्थान पर है।

आईपीएल 2025 की अंक तालिका

टीम मैच जीते हारे अंक नेट रन रेट
दिल्ली कैपिटल्स 6 5 1 10 0.744
पंजाब किंग्स 7 5 2 10 0.308
गुजरात टाइटन्स 6 4 2 8 1.081
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7 4 3 8 0.446
लखनऊ सुपर जाएंट्स 7 4 3 8 0.086
कोलकाता नाइट राइडर्स 7 3 4 6 0.547
मुंबई इंडियंस 7 3 4 6 0.239
राजस्थान रॉयल्स 7 2 5 4 -0.714
सनराइजर्स हैदराबाद 7 2 5 4 -1.217
चेन्नई सुपर किंग्स 7 2 5 4 -1.276

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button