दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आज से प्रारंभ, दुर्ग कलेक्टर- एसएसपी ने व्यवस्था का किया निरीक्षण

दुर्ग। विधानसभा निवार्चन-2023 के अंतर्गत 21 अक्टूबर से जिले के विधानसभा क्षेत्रों के लिए अभ्यर्थी अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकते हैं। अभ्यर्थी विधानसभावार नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों को 30 अक्टूबर 2023 तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार विधानसभा क्षेत्र 62 पाटन के लिए विपुल कुमार गुप्ता को रिटर्निंग आफिसर बनाया गया है। वे कलेक्टोरेट कार्यालय के भूतल कक्ष क्रमांक 29 (एसडीएम छावनी का कोर्ट कक्ष) में अभ्यर्थियों से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करेंगे।

इसी प्रकार विधानसभा 63 दुर्ग ग्रामीण के लिए रिटर्निंग अधिकारी मुकेश रावटे भूतल कक्ष क्रमांक 33 (सांख्यिकी लिपिक शाखा कक्ष) में, विधानसभा क्रमांक 64 दुर्ग शहर के लिए रिटर्निंग अधिकारी अरविंद कुमार एक्का भूतल कक्ष क्रमांक 31 (एडीएम कोर्ट कक्ष) में, विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाई नगर के लिए रिटर्निंग अधिकारी रोहित व्यास को भूतल कक्ष क्रमांक 32 (अपर कलेक्टर कोर्ट कक्ष) में, विधानसभा क्षेत्र 66 वैशाली नगर के लिए रिटर्निंग अधिकारी हरवंश सिंह मिरी को भूतल कक्ष क्रमांक 39 (नजूल अधिकारी का कोर्ट कक्ष) में एवं विधानसभा क्षेत्र 67 अहिवारा के लिए रिटर्निंग अधिकारी विनय कुमार सोनी को प्रथम तल कक्ष क्रमांक 20 (राजस्व लेखापाल शाखा का कक्ष) में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करेंगे।

नामांकन की प्रक्रिया पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संपन्न होगी। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की 31 अक्टूबर 2023 को स्कूटनी की जाएगी। 02 नवम्बर 2023 को नाम वापसी एवं प्रतीक चिन्ह का आबंटन किया जाएगा। जिले में 17 नवम्बर 2023 को मतदान एवं मतगणना 3 दिसम्बर 2023 को होगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन के लिए कलेक्टोरेट में सीमित लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थी के साथ केवल चार लोग ही रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष तक पहुंुचेंगे। कलेक्टोरेट के गेट पर तीन लेयर की जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। नामांकन की विडियोग्राफी करायी जाएगी। वहीं सीसीटीवी कैमरे से पूरी नजर रखी जाएगी।

कलेक्टर, एसएसपी ने किया व्यवस्था का निरीक्षण
कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा और एसएसपी आर.जी. गर्ग ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रिटर्निंग ऑफिसरों के कक्ष में नामांकन प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्टोरेट परिसर में बैरीकेट, वाहन पार्किंग, अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश तथा समर्थकों को रोकने आदि व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर एवं एस.एस.पी. ने अधिनस्थ अधिकारियों को निर्वाचन नामांकन के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button