खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

सनातन विवाद के बीच पहली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले उदयनिधि स्टालिन, बाढ़ राहत फंड समेत रखीं कई मांगें

उदयनिधि ने पीएम मोदी को 19 जनवरी को चेन्नई में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया. इसके अलावा उन्होंने बाढ़ राहत फंड को जल्द जारी करने की मांग की…

नईदिल्ली (ए)। तमिलनाडु के खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने गुरुवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. सनातन पर विविदित बयान देने के बाद उदयनिधि की यह पहली मुलाकात थी. उदयनिधि के सनातन पर बयान को लेकर डीएमके और बीजेपी आमने सामने आ गई थी. इससे पहले पीएम मोदी ने दो दिन के अपने दक्षिण के दौरे के दौरान उदयनिधि के पिता और तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन के साथ मंच शेयर किया था।

गुरुवार को पीएम मोदी के साथ बैठक के दौरान तमिलनाडु के खेल और युवा मामलों के मंत्री उदयनिधि ने तमिलनाडु के बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत, बहाली और पुनर्वास कार्यों के लिए अतिरिक्त फंड तत्काल जारी करने की मांग की. इससे पहले पीएम मोदी के साथ मंच साझा करते हुए सीएम स्टालिन ने भी उनसे तमिलनाडु की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और राहत और पुनर्वास के लिए और अधिक फंड देने की अपील की थी।

तमिलनाडु सरकार में मंत्री उदयनिधि ने पीएम मोदी को 19 जनवरी को चेन्नई में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया. उदयनिधि ने ट्वीट कर लिखा, 19 जनवरी, 2024 को चेन्नई में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन समारोह के लिए आज नई दिल्ली में भारतीय प्रधानमंत्री थिरु नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित करके खुशी हुई।

उदयनिधि ने लिखा, ”तमिलनाडु सरकार की ओर से, मैंने हमारे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अपील पर तमिलनाडु के बाढ़ प्रभावित जिलों में व्यापक राहत, बहाली और पुनर्वास कार्य करने के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत कोष को तत्काल जारी करने के लिए प्रधानमंत्री से अपील की. प्रधानमंत्री ने हमें आश्वासन दिया कि वह आवश्यक कदम उठाएंगे।”

सनातन पर बयान देकर घिरे थे उदयनिधि उदयनिधि पिछले दिनों सनातन पर बयान देकर घिर गए थे. उन्होंने सनातन उन्मूलन सम्मेलन में कहा था, सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है. कुछ चीजों का विरोध नहीं किया जा सकता, उन्हें खत्म ही कर देना चाहिए. हम डेंगू, मच्छर, मलेरिया या कोरोना का विरोध नहीं कर सकते. हमें इसे मिटाना है. इसी तरह हमें सनातन को भी मिटाना है।

उदयनिधि के बाद कई और डीएमके नेताओं ने भी सनातन को लेकर विवादित बयान दिया था. इसे लेकर बीजेपी ने डीएमके और पूरे विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा था. हाल ही में हुए 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान भी बीजेपी ने इस मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ को खूब घेरा था. पीएम मोदी और अमित शाह ने भी अपने बयानों में सनातन के अपमान का जिक्र कर कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों पर निशाना साधा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button