खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भाजपा मुख्यालय से पीएम मोदी का संबोधन, कहा- महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है- एक हैं, तो सेफ

भाजपा मुख्यालय में पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकते हारी हैं, नकारात्मक राजनीति की हार हुई है परिवारवाद की हार हुई है। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है…

 

नईदिल्ली (ए)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय पहुंचे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज महाविजय का उत्सव है। महाराष्ट्र में सुशासन की जीत हुई है और विभाजनकारी नीतियों की हार हुई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।

भाजपा मुख्यालय पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के बाद इस चुनाव का सबसे बड़ा संदेश एकता है। ‘एक हैं तो सेफ हैं’ देश का महामंत्र बन गया है। उन्होंने कहा, इस बार महाराष्ट्र ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यह पिछले पचास वर्षों में महाराष्ट्र में किसी भी पार्टी या चुनाव पूर्व गठबंध की सबसे बड़ी जीत है। यह लगातार तीसरी बार है जब महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को आशीर्वाद दिया है। महाराष्ट्र में भाजपा तीसरी बार सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को कांग्रेस और उसके सहयोगियों से ज्यादा सीटें मिली हैं। महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है जिसने लगातार तीन बार भाजपा को जनादेश दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा, आज देश के अनेक राज्यों में उपचुनावों के भी नतीजे आए हैं और लोकसभा की हमारी एक सीट और बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान ने भाजपा का जमकर समर्थन दिया है। असम के लोगों ने भाजपा पर एक बार फिर भरोसा जताया है। मध्य प्रदेश में भी हमें सफलता मिली है। बिहार में भी एनडीए का समर्थन बढ़ा है। यह दिखाता है कि देश अब सिर्फ और सिर्फ विकास चाहता है।

उन्होंने कहा, आज महाराष्ट्र में विकासवाद और सुशासन की जीत हुई है, महाराष्ट्र में सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई है। वहीं, आज महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकतें हारी हैं, नकारात्मक राजनीति की पराजय हुई है, आज परिवारवाद की हार हुई है।

पीएम मोदी ने कहा, महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है, जिसने भाजपा को लगातार तीन बार जनादेश दे दिया है। इससे पहले गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में एनडीए को तीन बार से ज्यादा जनादेश मिला है। साठ साल के बाद आपने मुझे तीसरी मौका दिया। ये जनता का हमारे सुशासन के मॉडल पर विश्वास है और विश्वास को बनाए रखने में हम कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगे।

उन्होंने कहा, मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं। झारखंड के तेज विकास के लिए हम अब और ज्यादा मेहनत से काम करेंगे। इसमें भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपना हर प्रयास करेगा।

हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश है- एकजुटता। एक हैं, तो सेफ हैं- ये आज देश का महामंत्र बन चुका है। उन्होंने कहा, कांग्रेस और उसके पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर एससी/एसटी और ओबीसी को छोटे-छोटे समूहों में बांट देंगे। कांग्रेस और उसके साथियों की इस साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है- एक हैं, तो सेफ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button