खास खबरफीचर्डविविध

भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने किया निराश, अर्शदीप में एक ओवर में फेक 7 वाइड बॉल

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टी20 मैच के दौरान अर्शदीप सिंह ने एक ओवर में कुल 13 गेंदें डाली। उन्होंने इस ओवर में कुल सात वाइड की और वह अनचाहे क्लब में शामिल हो गए…

 

चंडीगढ़ (ए)। भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान एक अनचाहे क्लब में शामिल हो गए हैं। अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय में पूर्णकालिक देशों में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंद फेंकने वाले संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज बन गए हैं। अर्शदीप ने इस मामले में अफगानिस्तान के नवीन उल हक की बराबरी कर ली है।

अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन दूसरे मैच में वह लय में नजर नहीं आए। दक्षिण अफ्रीका की पारी का 11वां ओवर डालने आए अर्शदीप ने इस ओवर में सात वाइड फेंकी और कुल 18 रन लुटाए। अर्शदीप ने ओवर में कुल 13 गेंदें डाली जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी पूर्णकालिक देश के गेंदबाज द्वारा संयुक्त रूप से सर्वाधिक है। अर्शदीप से पहले अफगानिस्तान के नवीन उल हक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2024 में खेले गए मैच में एक ओवर में 13 गेंद डाली थी।

अर्शदीप ने ओवर की शुरुआत छक्के के साथ की। इसके बाद उन्होंने लगातार दो वाइड गेंद फेंकी। दूसरी वैध गेंद पर कोई रन नहीं आया। फिर अर्शदीप ने लगातार चार वाइड गेंद फेंकी। इस पर ड्रेसिंग रूम में बैठे मुख्य कोच गौतम गंभीर भी गुस्सा गए। तीसरी वैध गेंद पर एक रन, चौथी पर दो रन और पांचवीं वैध गेंद पर एक रन आया। अर्शदीप ने फिर वाइड फेंकी जो इस ओवर की उनकी सातवीं वाइड गेंद थी। अंत में छठी वैध गेंद पर एक रन आया। इस तरह अर्शदीप का लंबा ओवर समाप्त हुआ।
भारत के लिए इस मैच में सबसे महंगे अर्शदीप सिंह रहे जिन्होंने चार ओवर में 54 रन दिए और एक भी विकेट नहीं ले सके। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अपने स्पैल में नौ वाइड गेंद डाली और उनकी इकॉनोमी 13.50 की रही। हार्दिक टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने से एक कदम दूर थे, लेकिन इस मैच में सफलता नहीं मिलने से उनका 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरा करने का इंतजार बढ़ गया है।

9 गेंद 5 रन और आधी टीम आउट
पारी के 18वें ओवर में तिलक वर्मा और जितेश शर्मा की जोड़ी क्रीज पर थी. टीम के 5 विकेट गिरे चुके थे और स्कोर 142 था. यहां से भारत का हारना लगभग तय लग रहा था, लेकिन उम्मीद थी कि मुकाबला आखिरी ओवर तक जाएगा और बल्लेबाज स्कोर को करीब लेकर जाएंगे. आगे जो हुआ, बिल्कुल उल्टा था. ओवर की 5वीं गेंद पर जितेश आउट हो गए. इसके बाद तो टीम पलक झपकते ही ढेर हो गई. 19वें ओवर में शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती चलते बने और आखिरी ओवर की पहली गेंद पर तिलक वर्मा के विकेट के साथ भारत की पारी 162 रन पर सिमट गई. आखिरी 5 विकेट गिरने के दौरान भारत ने सिर्फ 5 रन ही बटोरे। भारत के कप्तान सूर्यकमार यादव और ओपनर शुभमन गिल पूरी तरह फ्लॉप हो रहे है दोनों मैचों में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए है, अगले मैच में बाहर बैठे नए बल्लेबाजों को मौका देना होगा नहीं तो टेस्ट की तरह टी20 सीरीज भी भारत के हाथ से फिसल जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button