खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारतीय टीम वर्ष 2024 की शुरुआत टेस्ट मैच से करेगी: फरवरी-मार्च में टेस्ट तो अप्रैल-जून में खेलेगी टी20 मैच, जानिए पूरा शेड्यूल?

2024 में भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ होगा, लेकिन असली रंग इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में आएगा। इसके बाद आईपीएल और विश्व कप में रोमांच की हदें पार होना तय है…

नईदिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2023 का साल उतार-चढ़ाव से भरा रहा। दो मौकों पर टीम इंडिया आईसीसी ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची, लेकिन फाइनल मैच में हार झेलनी पड़ी। इसके बावजूद भारत ने विश्व कप में सबसे बेहतरीन टीम के रूप में अपना दबदबा बनाया। अब 2024 में भी भारत की कोशिश और बेहतर प्रदर्शन करने की होगी। इस साल भारतीय टीम टी20 विश्व कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी का एक दशक से लंबा सूखा खत्म करने की कोशिश करेगी।

इस साल भारत को इंग्लैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के साथ खेलना है। बीसीसीआई ने साल का पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है, लेकिन जून तक के लिए भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम साफ हो चुका है। इसके बाद भारत को 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी और आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से द्विपक्षीय सीरीज खेलनी हैं।

दक्षिण अफ्रीका से होगा साल का पहला मैच
2024 में भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ होगा। भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है। यहां टी20 और वनडे सीरीज के बाद टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस दौरे का आखिरी मैच भारत 2024 में तीन जनवरी से खेलेगा। यह मुकाबला सात जनवरी को खत्म होगा।

अफगानिस्तान से पहली बार द्विपक्षीय सीरीज
11 जनवरी से टीम इंडिया को अफगानिस्तान के साथ तीन टी20 मैच की सीरीज खेलनी है। यह दोनों टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय सीरीज होगी। हालांकि, दोनों देशों के बीच एक टेस्ट मैच हो चुका है, लेकिन सीमित ओवर क्रिकेट में ये दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंट में ही खेली हैं।

इंग्लैंड के साथ टेस्ट सीरीज
इस साल भारतीय टीम को इंग्लैंड के साथ पांच टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज 25 जनवरी से शुरू होगी और 11 मार्च को खत्म होगी। लगभग दो महीने तक चलने वाली यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होगी।

अप्रैल-मई में आईपीएल का जलवा
इंग्लैंड के साथ लंबी टेस्ट सीरीज के बाद सभी खिलाड़ी कुछ दिन आराम करेंगे। इसके बाद आईपीएल की शुरुआत होगी। दो महीने तक चलते वाले इस टूर्नामेंट में फटाफट क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर होगा।

जून में टी20 विश्व कप का जलवा
टी20 विश्व कप 2024 का आयोजन चार से 30 जून के बीच वेस्टइंडीज और अमेरिका में होगा। आईपीएल के बाद सभी टीमों के अधिकतर खिलाड़ी टी20 क्रिकेट के अभ्यस होंगे और इस विश्व कप में रोमांच अपने चरम पर रहेगा।

जुलाई से द्विपक्षीय सीरीज खेलेगा भारत
भारतीय टीम के एफटीपी चक्र के अनुसार 2024 में टीम इंडिया इंग्लैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज खेलेगी। इनमें से इंग्लैंड के साथ सीरीज जनवरी से मार्च के बीच खेली जाएगी। वहीं, अन्य देशों के साथ सीरीज जुलाई से दिसंबर के बीच होने की संभावना है। बीसीसीआई ने आगे का शेड्यूल नहीं जारी किया है, लेकिन एफटीपी चक्र से साफ है कि साल के आखिरी छह महीनों में भारत को श्रीलंका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज खेलनी हैं। इन सीरीज में वनडे और टेस्ट मैच पर ज्यादा ध्यान होगा। क्योंकि, 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी वनडे फॉर्मेट में होगी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का तीसरा फाइनल भी 2025 में होगा। इसे ध्यान में रखते हुए भारत अपनी तैयारी मजबूत करना चाहेगा।

2024 में टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल-

जनवरी (3 से 7)- दक्षिण अफ्रीका से दूसरा टेस्ट

11 से 17 जनवरी- घर पर अफगानिस्तान से तीन मैचों की टी20 सीरीज

25 जनवरी से 11 मार्च- घर पर इंग्लैंड से पांच मैचों की टी20 सीरीज

मार्च अंत से मई अंत तक- आईपीएल 2024

4 जून से 30 जून तक- 2024 टी20 वर्ल्ड कप

जुलाई 2024- श्रीलंका में तीन मैचों की वनडे और तीन मैचों की टी20 सीरीज (अभी तारीखों का एलान नहीं हुआ है)

सितंबर 2024- घर पर बांग्लादेश से तीन टी20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज (अभी तारीखों का एलान नहीं हुआ है)

अक्टूबर 2024- घर पर न्यूजीलैंड से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज

नवंबर-दिसंबर 2024- ऑस्ट्रेलिया में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button