फीचर्डविविध

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे आज, रोहित-कोहली का दिखेगा दम

रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर भारतीय जर्सी में खेलते नजर आएंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे वडोदरा में खेला जाएगा। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी सभी जानकारी…

 

बड़ोदरा (ए)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत हो रही है। इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। न्यूजीलैंड की टीम में नए और युवा खिलाड़ियों की भरमार है लेकिन पूरी ताकत के साथ उतर रही भारतीय टीम के लिए रोहित और कोहली के नजरिये से सीरीज अहम है। अगले महीने वाली टी20 विश्व कप के कारण वनडे सीरीज की अहमियत थोड़ी कम है, लेकिन अगले सात दिनों में होने वाले तीन वनडे मैचों में कोहली और रोहित आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

यह पहला मौका होगा जब कोटाम्बी स्थित बड़ौदा क्रिकेट संघ के नए स्टेडियम में पुरुषों का कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले यह मैदान भारत और वेस्टइंडीज के बीच महिला वनडे सीरीज की मेजबानी कर चुका है। न्यूजीलैंड के लिए पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत से मिली हार का खास महत्व नहीं है, क्योंकि यह सीरीज और दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों को परखने का अच्छा मौका है। टीम 2024-25 में भारत दौरे पर टेस्ट सीरीज में मिली 3-0 की ऐतिहासिक जीत की योजना को वनडे सीरीज में भी आजमाना चाहेगी।

कई प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में माइकल ब्रेसवेल टीम की अगुआई करेंगे। नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर ग्रोइन इंजरी के कारण वनडे सीरीज से बाहर हैं, जबकि टॉम लाथम अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट गए हैं। पूर्व कप्तान केन विलियमसन दक्षिण अफ्रीका में एसए 20 लीग में अपनी टी20 प्रतिबद्धताओं को निभा रहे हैं।
रचिन रवींद्र और तेज गेंदबाज जैकब डफी को आराम दिया गया है। पिंडली की चोट से वापसी कर रहे मैट हेनरी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टी20 सीरीज पर ध्यान दे रहे है। इस दौरान लंबे कद के हरफनमौला काइल जैमीसन और 23 वर्षीय लेग स्पिनर आदित्य अशोक के प्रदर्शन पर भी नजरें रहेंगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं। रोहित और कोहली इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे। कोहली शानदार फॉर्म में दिखे थे और उन्होंने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर Ro-Ko की यह जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले रोहित और कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी दो मैच खेले थे।
पहला वनडे मैच बड़ौदा के कोटाम्बी के बीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर 1:00 बजे होगा। वनडे सीरीज के प्रसारण अधिक स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button