खास खबरफीचर्डविविध

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा और आखिरी टी20 मैच आज, भारत सीरीज में 2-1 से आगे

सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने 16 में से 13 मैच जीते हैं और इस बार वह सीरीज जीतकर लौटना चाहेंगे। यह मुकाबला संजू सैमसन और रिंकू सिंह के लिए काफी अहम होने वाला है। दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है…

नईदिल्ली (ए)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी टी20 सीरीज अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अंतिम मुकाबला शुक्रवार को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ भारतीय टीम 3-1 से सीरीज पर कब्जा जमाने का उद्देश्य लेकर उतेरगी। यह मुकाबला संजू सैमसन और रिंकू सिंह के लिए काफी अहम होने वाला है। दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

दोनों टीमें वांनडरर्स स्टेडियम में भिडे़ंगी। भारत के लिए यह मैदान हमेशा से भाग्यशाली रहा है। 2007 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 विश्व कप जीता था। एक साल पहले पिछली टी20 सीरीज में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शतक जमाकर टीम को जीत दिलाई थी। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने 16 में से 13 मैच जीते हैं और इस बार वह सीरीज जीतकर लौटना चाहेंगे। पिछली बार खेली गई सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में शुमार रिंकू सिंह का फॉर्म भी चिंता का सबब है जो पिछले कुछ महीने से अच्छा नहीं खेल पा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि छठे या सातवें नंबर पर उतरने से वह सहज होकर खेल नहीं पा रहे हैं।

भारत में अगला टी20 विश्व कप 2026 में है और सूर्यकुमार के पास रिंकू में आत्मविश्वास भरकर उनके प्रदर्शन को ढर्रे पर लाने का पूरा समय है। स्पष्टता के अभाव में उनके जैसे हुनरमंद क्रिकेटर को खोने का जोखिम भारतीय टीम नहीं उठा सकती। मौजूदा सीरीज में रिंकू दो मैचों में छठे और एक मैच में सातवें नंबर पर उतरे और 28 रन ही बना सके। निचले क्रम पर उतरने से 11, नौ या आठ रन का स्कोर चिंता का विषय नहीं है लेकिन असल चिंता इस बात की है कि इसके लिए उन्होंने कुल 34 गेंदें खेल डाली।

आईपीएल के दौरान भी रिंकू को 15 मैचों में कुल 113 गेंद ही खेलने को मिली थी यानी प्रति मैच 7.5 गेंद। एक फिनिशर के तौर पर रिंकू को हर पारी में करीब दस ही गेंद मिल सकती है। इससे शायद उनके आत्मविश्वास पर असर पड़ा है क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह आक्रामक खेलें या सहायक की भूमिका में रहें। रिंकू ने अधिकांश समय पांचवें नंबर पर उतरकर अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन जब संजू सैमसन सलामी बल्लेबाज के तौर पर और तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर उतर रहे हैं तो रिंकू को हार्दिक पंड्या से पहले उतारना कठिन है। टीम प्रबंधन को इस मसले का तुरंत हल निकालना होगा। भारत ने अपने 15 में से 12 खिलाड़ियों को पहले तीन मैचों में आजमाया है और अब देखना है कि तेज गेंदबाज यश दयाल या विजयकुमार विशक को पहला मौका मिलता है या नहीं।
चौथे टी20 के लिए दोनों टीमें इस प्रकार है…
भारत: 
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशक, आवेश खान, यश दयाल।

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मारक्रम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, गेराल्ड कोएत्जी, डोनोवन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसन, हेनरिक क्लासेन, पैट्रिक क्रुगर, केशव महाराज, डेविड मिलर, मिहलाली मपोंगवाना, नकाबा पीटर, रयान रिकल्टन, एंडिले सिमलेन, ट्रिस्टन स्टब्स।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button