खास खबरफीचर्डविविध

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट आज से, ऋषभ पंत करेंगे कप्तानी, गिल हुए बाहर

ऋषभ पंत पहली बार भारतीय टीम की टेस्ट फॉर्मेट में कप्तानी करेंगे। एमएस धोनी के बाद टेस्ट फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले वह दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा के बाद ऋषभ पंत को ही भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान माना जा रहा था, लेकिन इंजरी की वजह से उनका लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर रहना और इस दौरान शुभमन गिल का निरंतर उम्दा प्रदर्शन, पंत को कप्तानी की दौर में पीछे कर गया…

 

 

गुवाहाटी (ए)। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम के विकेटकीपर ऋषभ पंत कप्तानी करेंगे। इस मुकाबले से शुभमन गिल बाहर हो गए हैं। आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि एकमात्र टेस्ट में कप्तानी करना सर्वश्रेष्ठ स्थिति नहीं है लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच की कड़ी चुनौतियों के के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 22 नवंबर से गवाहाटी में खेला जाएगा। इस टेस्ट से पहले भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने कप्तान शुभमन गिल के फिटनेस में बड़ी अपडेट दी है। कोटक ने कहा कि गिल तेजी से रिकवर कर रहे हैं।

नियमित कप्तान शुभमन गिल को ईडन गार्डन्स टेस्ट के दौरान गर्दन की अकड़न के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्हें अस्पताल में भर्ती भी करना पड़ा, जिसके बाद टीम प्रबंधन ने पंत को कप्तानी संभालने की जिम्मेदारी दी।

पंत ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एक कप्तान के लिए एकमात्र मैच सबसे अच्छा विकल्प नहीं होता, लेकिन मैं बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) का मुझे यह सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। कभी-कभी अगर आप किसी बड़े मौके के बारे में बहुत ज़्यादा सोचते हैं, तो इससे कोई फ़ायदा नहीं होता। मैं ज्यादा सोचना नहीं चाहता। पहला टेस्ट मैच हमारे लिए कठिन था और हमें टेस्ट जीतने के लिए जो भी करना होगा हम वह करेंगे।”

ईडन गार्डन्स में जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे है, जहां पहली पारी में बल्लेबाजी करते समय गिल की गर्दन में अकड़न आ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।

पंत ने कहा कि टीम प्रबंधन ने पहले ही मैच के लिए गिल के स्थान पर खेलने वाले खिलाड़ी के बारे में फैसला कर लिया है, लेकिन उन्होंने नाम का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने फैसला कर लिया है कि शुभमन की जगह कौन खेलेगा। जो खिलाड़ी खेलेगा उसे इसके बारे में बता दिया गया है।”

पंत ने कहा, ‘‘मैं पारंपरिक बने रहना चाहता हूं और साथ ही लीक से हटकर सोचना भी चाहता हूं। मैं अच्छा संतुलन बनाना चाहता हूं। हमें चीजों को सरल रखना होगा और जो टीम बेहतर क्रिकेट खेलेगी, वही जीतेगी।” पंत ने महत्वपूर्ण मैच के लिए उपलब्ध रहने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए गिल की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘शुभमन मैच खेलने के लिए उत्सुक थे। उन्होंने तब भी लचीलापन दिखाया जब शरीर साथ नहीं दे रहा था और खिलाड़ियों से इसी तरह का रवैया आप देखना चाहते हैं। मैं गिल से रोज़ बात करता हूं। मुझे कल शाम को ही पता चला कि मैं इस मैच में कप्तानी करूंगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button