देश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने इंग्लैंड को दूसरे टी20 में 49 रनों से हराकर सीरीज पर किया कब्जा

भारत ने इंग्लैंड को एजबेस्टन टी20 में 49 रनों से हराकर तीन मैच की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है, टीम इंडिया ने साउथहैंप्टन में मेजबानों को 50 रनों से रौंदा था…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत ने इंग्लैंड को एजबेस्टन टी20 में 49 रनों से हराकर तीन मैच की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने साउथहैंप्टन में मेजबानों को 50 रनों से रौंदा था। बात दूसरे टी20 की करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रवींद्र जडेजा के नाबाद 46 रनों के दम पर 170 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए डेब्यूटंट ग्लीसन ने तीन तो क्रिस जॉर्डन ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूरी इंग्लिश टीम 121 रनों पर ही ढेर हो गई। भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सबसे अधिक तीन विकेट ली वहीं, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल को 2-2 विकेट मिले। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने यह लगातार 14वां मुकाबला जीता है।

भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा के साथ विकेटकीपर ऋषभ पंत ने पारी का आगाज किया। पारी के पहले ओवर में डेविड विली की चौथी गेंद पर जेसन रॉय ने रोहित का कैच टपकाया और भारतीय कप्तान ने ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर जले पर नमक छिड़का। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में इस गेंदबाज का स्वागत फिर से छक्का लगाकर किया जबकि पंत ने इसी ओवर में दो चौके जड़े। दोनों ने इसके बाद मोईन अली के खिलाफ चौके जड़े।

पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये पदार्पण कर रहे ग्लीसन का स्वागत भी रोहित ने चौके से किया लेकिन इस गेंदबाज ने भारतीय कप्तान को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराकर अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला विकेट झटका। उन्होंने इस तरह रोहित और पंत की 49 रन की साझेदारी को खत्म किया।

पंत ने इसके बाद मोईन के खिलाफ छठे ओवर में छक्का और चौका जड़ा जिससे पावरप्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 61 रन हो गया। ग्लीसन ने अपने अगले ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर पूर्व कप्तान विराट कोहली (एक रन) और पंत को चलता किया। इस तरह उन्होंने चार गेंद के अंदर तीन विकेट लिये।

सूर्यकुमार यादव और पिछले मैच में अर्धशतक जड़ने वाले हरफनमौला हार्दिक पंड्या ने इसके बाद संभल कर बल्लेबाजी की लेकिन दोनों क्रीज पर समय देने के बाद 11वें ओवर में क्रिस जॉर्डन की लगातार गेंदों पर आउट होकर पवेलियन लौटे। सूर्यकुमार ने 11 गेंद में 15 जबकि हार्दिक ने 15 गेंद में 12 रन बनाये। अब भारत का स्कोर 11 ओवर में 89 रन पर पांच विकेट हो गया। लगातार दो विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम बैकफुट पर थी लेकिन जडेजा ने बीच-बीच में चौका लगाकर टीम की रनगति को बनाये रखा। उन्हें दिनेश कार्तिक का अच्छा साथ मिल रहा था लेकिन 16वें ओवर में कार्तिक 17 गेंद में 12 रन बनाकर रन आउट हो गये। लिविंगस्टोन के इस ओवर में हालांकि जडेजा और हर्षल पटेल ने एक – एक चौका लगाया।

हर्षल ने 17वें ओवर में जॉर्डन के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर उन्होंने ग्लीसन को कैच थमा दिया। उन्होंने छह गेंद में 13 रन बनाये। जडेजा ने इसके बाद 19वें और 20वें ओवर में एक-एक चौका लगाकर टीम के स्कोर को 170 तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को पहली ही गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने जेसन रॉय को आउट कर झटका दिया। इसके बाद तीसरे ओवर में भुवी ने बटलर को भी अपने जाल में फंसाया। सलामी बल्लेबाजों के फ्लॉप होने के बाद इंग्लैंड लगातार अंतराल में विकेट खोता रहा और हर एक बल्लेबाज तेज से रन बनाने के प्रयास में आउट होता रहा। इंग्लिश टीम के लिए मोइन अली ने सबसे अधिक 35 रनों की पारी खेली।

Related Articles

Back to top button