खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हराकर लगातार 8वीं जीत हासिल की: पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

क्रिकेट विश्वकप में टीम इंडिया ने रविवार 5 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है. इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य राजनीतिक हस्तियों ने टीम इंडिया को बधाई दी है…

नईदिल्ली (ए)। क्रिकेट विश्वकप में टीम इंडिया ने रविवार  5 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया है. इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य राजनीतिक हस्तियों ने टीम इंडिया को बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने X हैंडल से पोस्ट किया, ”हमारी क्रिकेट टीम एक बार फिर विजयी हुई है! दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए टीम को बधाई. बढ़िया टीम वर्क. उन्होंने आज शानदार पारी खेलने वाले विराट कोहली को जन्मदिन का शानदार तोहफा भी दिया है।”

 

गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, ”विश्व कप 2023 में एक और उपलब्धि. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच जीतने के लिए हमारी क्रिकेट टीम को बधाई. आपने अपनी विजयी भावना को संपूर्ण प्रतिभा के साथ प्रदर्शित किया. आपके शानदार प्रदर्शन से देश गौरवान्वित है. जीत जारी रहे।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा, ”…एक और ‘विराट’ विजय! दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध भारत की अविस्मरणीय जीत आज बेहद खास है. पूरी भारतीय क्रिकेट टीम का अभिनंदन! देश वासियों को हार्दिक बधाई! जय हिंद…”

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, ”भारत माता की जय, भारतीय क्रिकेट टीम का विजयरथ दौड़ रहा है, हम सब हर्षित हैं, गौरवान्वित हैं. विश्व कप में भारत की लगातार 8वीं जीत पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई…”

आज बर्थडे के दिन कोहली के विराट शतक और रवींद्र जडेजा के जादू की बदौलत वर्ल्ड कप में भारत का अजेय अभियान जारी है. भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 243 रन से हराकर लगातार 8वीं जीत हासिल की. भारत ने अफ्रीका के सामने जीत के लिए 327 रन का लक्ष्य रखा था. लेकिन दक्षिण अफ्रीका की पारी 27.3 ओवर में मात्र 83 रन पर ही सिमट गई. रवींद्र जडेजा ने 9 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. इससे पहले विराट कोहली ने शतक जड़कर वनडे में सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड 49 शतकों की बराबरी की।

भारत के 326 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरूआत निराशाजनक रही. साउथ अफ्रीका को पहला झटका 6 रनों के स्कोर लगा. इसके बाद लगातार विकेट आउट होने का सिलसिला जारी रहा. साउथ अफ्रीका के 5 बल्लेबाजों 40 रनों के स्कोर पवैलियन लौट गए. भारतीय टीम को पहली कामयाबी मोहम्मद सिराज दिलाई. मोहम्मद सिराज ने क्विंटन डी कॉक को आउट किया।

साउथ अफ्रीका को दूसरा झटका 22 रनों के स्कोर पर लगा. रवीन्द्र जडेजा ने टेंबा बावूमा को बोल्ड आउट किया. भारतीय गेंदबाजों के आगे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बेबस और लाचार दिखे. ओपनर क्विंटन डी कॉक 5 रन बनाकर पवैलियन लौटे. जबकि साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावूमा 11 रन बनाकर चलते बने. रासी वान डैर डुसैन 13 रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने।

एडन मार्करम 8 रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंद पर केएल राहुल को कैच थमा बैठे. जबकि हेनरिक क्लासेन महज 1 रन बना सके. हेनरिक क्लासेन को रवीन्द्र जडेजा ने आउट किया. इसके बाद डेविड मिलर 11 रन बनाकर पवैलियन लौट गए. मार्को यॉन्सेन 14 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने. केशव महाराज 7 रन बनाकर रवीन्द्र जडेजा की गेंद पर बोल्ड हुए. लुंगी एंगिडी बिना कोई रन बनाए कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए. रवीन्द्र जडेजा ने कगीसो रबाडा को 6 रनों के स्कोर पर आउट किया।

भारत के लिए रवीन्द्र जडेजा सबसे कामयाब गेंदबाज रहे. रवीन्द्र जडेजा ने 9 ओवर में 33 रन देकर 5 खिलाड़ियों को आउट किया. इसके अलावा मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किया. मोहम्मद सिराज को 1 कामयाबी मिली।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 326 रनों का स्कोर बनाया. भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 121 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली. इसके अलावा श्रेयस अय्यर ने 87 गेंदों पर 77 रनों का स्कोर बनाया. इससे पहले रोहित शर्मा ने 24 गेंदों पर 40 रन बनाकर तूफानी शुरूआत दी. रवीन्द्र जडेजा ने आखिरी ओवरों में 15 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर शानदार फिनिश किया. वहीं, साउथ अफ्रीका के लिए लुंगी एंगिडी, मार्को यॉन्सेन, कगीसो रबाडा, केशव महाराज और तबरेज शम्सी को 1-1 कामयाबी मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button