दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भिलाईवासियों के 80 करोड़ रूपए की लड़ाई का ये आगाज है- प्रेमप्रकाश पाण्डेय

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद विजय बघेल, सरोज पाण्डेय सहित विधायक बृजमोहन अग्रवाल व शिवरतन शर्मा ने किया संबोधित…बारिश और धूप के बीच धरनास्थल पर डटे रहे हजारों लोग…

भिलाई। मुख्यमंत्री और विधायक द्वारा भिलाई टाउनशिपवासियों से झूठ बोलकर उनके 30 हजार रूपए लूटने के खिलाफ आंदोलन और तेज होगा, अभी तो बस आगाज है। इस आंदोलन का अंत तभी होगा जब हम प्रत्येक उपभोक्ता के 30 हजार रूपए और जनता के हक का 80 करोड़ रूपए प्रदेश सरकार हमें वापस दे देगी। यह बातें पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने आज हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मार्च 2019 से दिये जाने की मांग को लेकर आयोजित धरना के दौरान कहीं। बारिश और तेज धूप के बावजूद इस विशाल धरना में हजारों की संख्या में भिलाई टाउनशिपवासियों ने हिस्सा लिय़ा। खासकर महिलाओं ने भी दोपहर के वक्त अपने घर का सारा कामकाज छोड़ कर अपने हक की लड़ाई के लिए धरने में शामिल होकर अपना विरोध जताया और अपने हक के 30 हजार रूपए की मांग की।

श्री पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री और विधायक झूठ बोलकर यहां की जनता को मूर्ख बना रहे हैं। भिलाई के लोग क्या प्रदेश से अलग हैं? उन्होंने कोई पाप किया है जो उन्हें उनका हक नहीं दिया जा रहा। मुख्यमंत्री और विधायक ने भिलाई टाउनशिप के बीएसपी से संबद्ध घरेलू उपभोक्ताओं को “हाफ बिजली बिल योजना” के लाभ से वंचित रखा और अब चुनाव नजदीक आते देख सितंबर 2023 से इस योजना को यहां लागू कर दिया। हमारी मांग है कि भिलाईवासियों को भी मार्च 2019 से हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिले। मार्च 2019 से योजना लागू होने पर प्रत्येक उपभोक्ता को लगभग 30 हजार रूपए का लाभ प्राप्त होगा। यानि की उन्हें आगे लगभग 2-3 वर्षों तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। अपने हक के 30 हजार रूपए का लाभ हर किसी को मिलेगा। यह भिलाईवासियों के अस्मिता की लड़ाई है और हम सभी को इसी तरह एकजुट होकर लड़ना होगा।

ये सिर्फ आगाज है… लड़ाई जारी रहेगी
श्री पाण्डेय ने धरनास्थल पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ये धरना हमारी लड़ाई का आगाज है और जब तक प्रत्येक उपभोक्ता को उसका अधिकार नहीं मिल जाता तब तक ये लड़ाई जारी रहेगी। हमारा अधिकार हम सरकार से लेकर ही रहेंगे।

धरना को संबोधित करते हुए छग विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि भूपेश सरकार ने प्रदेश के हर व्यक्ति को ठगा है और भिलाई में लोगों के हक को उनसे छीन लिया है। यहां के विधायक ने तो भ्रष्टाचार करने और झूठ बोलने में तो महारत हासिल कर ली है। लेकिन अब भिलाई सहित पूरे प्रदेश की जनता को यह समझ आ गया है कि ये ठगेश सरकार है। श्री चंदेल ने कहा कि पूर्व मंत्री श्री पाण्डेय ने जनता के हक की लड़ाई के लिए आवाज उठाई है, निश्चित ही भिलाईवासियों को उनका हक जरूर मिलेगा।

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और भिलाई विधायक दोनों ही मौसेरे भाई हैं, हमेशा झूठ कहते हैं। राजस्व मंत्री रहते हुए सीएम ने खुद इसका विरोध किया था और अब उनके ही पार्टी के विधायक डीड रजिस्ट्रेशन को रजिस्ट्री और मालिकाना हक बताकर लोगों को गुमराह करते रहे। झूठ बोलना इनका स्वभाव ही है। राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश की सरकार ने इन पांच वर्षों में जनता का हक छीना है और केवल वादाखिलाफी की है। भिलाई की जनता के साथ भी उन्होंने अन्याय किया है। जो योजना पूरे प्रदेश के लिए लागू की उससे सिर्फ भिलाई टाउनशिपवासियों को अछूता रखा। उन्होंने विधायक की प्रगति यात्रा पर कहा कि हमने उनकी व्यक्तिगत प्रगति को देखा है जिस पर कल ईडी ने भी चार्जशीट फाइल कर उन्हें आरोपित बना दिया है।

पूर्व मंत्री, रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की दोहरी नीति जनता जान चुकी है औऱ अब इनकी उल्टी गिनती भी शुरू हो गई है। शिक्षाधानी भिलाई की छवि को खराब करने वाले यहां के युवा विधायक जिसने केवल भ्रष्टाचार किया औऱ लोगों को झूठ बोलकर गुमराह किया उसका सच भी आज सबके सामने आ चुका है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व भाटापारा विधायक शिवरतन शर्मा ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भिलाई के हर चौक चौराहे में भिलाई के वर्तमान विधायक के भ्रष्टाचार की ही चर्चा है। गली मोहल्लों में शराब की बात हो या अवैध व्यापार, सब जगह इनसे जुड़े लोगों का ही नाम है। झूठ बोलने में ये इतने माहिर हैं कि पहले चार साल कहते रहे कि बिना सीएसपीडीसीएल को दिये लाभ नहीं मिल सकता और खुद को ही झूठा साबित करके सिर्फ दो महीने के लिए इसे लागू कर रहे हैं।

इस विशाल धरना को भाजयुमो प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर, निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, संजय दानी, श्रमिक नेता प्रभुनाथ मिश्र, उज्जवल दत्ता व बृजबिहारी मिश्रा, पार्षद पीयूष मिश्रा ने भी संबोधित किया और कहा कि ये 30 हजार रूपए बीएसपी टाउनशिप के प्रत्येक उपभोक्ता का अधिकार है जो उन्हें मिलना ही चाहिये। प्रदेश प्रभारी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा डॉ. सलीम राज, जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू, योगेंद्र साहू, पूर्व महापौर निर्मला यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, पूर्व मण्डल अध्यक्ष गजानंद बंछोर, खुर्सीपार मण्डल अध्यक्ष एसएन सिंह, पार्षद नोहर वर्मा, स्मिता दोड़के, वीणा चंद्राकर, शकुंतला साहू, ईश्वरी नेताम, पूर्व पार्षद रश्मि सिंह, जे. श्रीनिवास राव, रिंकू साहू, शिवप्रकाश शिबू  सहित पूर्व पार्षद, छाया पार्षद, श्रीराम जन्मोत्सव समिति के कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में भिलाईवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button