दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भिलाई इस्पात संयंत्र का ब्लास्ट फर्नेस- 06 को कैपिटल रिपेयर के बाद पुनः प्रारम्भ किया गया

भिलाई इस्पात संयंत्र के आधुनिकीकरण और विस्तारीकरण कार्यक्रम की दिशा में एक प्रमुख उपलब्धि हासिल करते हुए, कैपिटल रिपेयर के बाद 05 दिसंबर 2024 को ब्लास्ट फर्नेस-6 के स्टोव हीटिंग का कार्य सफलतापूर्वक किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने ब्लास्ट फर्नेस-6 को लाइट-अप कर स्टोव हीटिंग प्रक्रिया की शुरूवात की। व्यापक कैपिटल रिपेयर के बाद यह ब्लास्ट फर्नेस-06 के 5वें अभियान की शुरुआत को चिह्नित करता है।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक प्रभारी (वर्क्स) अंजनी कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस मुखोपाध्याय, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेसेस) मनोज कुमार सहित अन्य मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। साथ ही विभिन्न विभागों ब्लास्ट फर्नेस, आरईडी, पीएलईएम विभाग के कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी और कैपिटल रिपेयर कार्य में शामिल एजेंसियों को बधाई दी व ब्लास्ट फर्नेस-6 टीम के सुरक्षित और कुशल कामकाज की कामना की।

स्टोव और हॉट ब्लास्ट के मेन सिस्टम के कैपिटल रिपेयर कार्य में कार्बन और ग्रेफाइट ब्लॉक, फर्नेस बेस प्लेट और फर्नेस शेल की संरचनात्मक मरम्मत और प्रतिस्थापन और स्टैक रिफ्रैक्टरी की रीलाइनिंग शामिल हैं। इसके अलावा फर्नेस की दक्षता बढ़ाने के लिए स्वचालन और सुरक्षा प्रणालियों का उन्नयन, विद्युत और सबस्टेशन उन्नयन, व्यापक निर्माण और रीलाइनिंग कार्य, और इन-हाउस नवाचार और मरम्मत का कार्य भी व्यापक कैपिटल रिपेयर के दौरान किया गया।

टीम ब्लास्ट फर्नेस-6 ने उत्पादन और तकनीकी-आर्थिक सूचकांकों के क्षेत्र में नए मील के पत्थर कायम करने के उद्देश्य से अपना 5वां अभियान शुरू किया है। बीएफ-6 की सफल मरम्मत और स्टार्ट-अप भिलाई इस्पात संयंत्र के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त इस्पात की बढ़ती मांग को पूरा करने के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस कार्य से न केवल हॉट ब्लास्ट तापमान में वृद्धि सुनिश्चित होगी, बल्कि डीकार्बोनाइजेशन उद्देश्यों की दिशा में अग्रसर होने में भी सेल-बीएसपी के लिए सहायक होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button