दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट 3 ने 80 मिलियन टन संचयी उत्पादन कर एक और उपलब्धि हासिल की

 

भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट-3 ने एक और उपलब्धि हासिल की है। स्टील बनाने की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण विभाग एसपी-3 ने 29 दिसंबर 2022 को 80 मिलियन टन संचयी उत्पादन कर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया। विदित हो कि सिंटर प्लांट-3 को 2001 में 3.2 एमटीपीए क्षमता की सिंगल मशीन के साथ चालू किया गया था। एसपी-3 को दूसरी सिंटर मशीन के साथ 2014 में संवर्धित किया गया, जिससे एसपी-3 की क्षमता 3.7 एमटीपीए हुआ। अब तक मशीन 1 ने लगभग 60 मिलियन टन उत्पादन किया है। मशीन 2 ने हाल ही में 06 दिसंबर 2022 को 20 मिलियन टन संचयी उत्पादन के लक्ष्य को पार कर लिया।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को चिन्हांकित करने के लिए संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार द्वारा संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में केक काटा गया। इस अवसर पर एसपी-3 के कर्मचारी और ग्राहक, आपूर्तिकर्ता और सेवा विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने अपने उद्बोधन में इस उपलब्धि हेतु पूरे एसपी-3 बिरादरी को बधाई दी और नए लक्ष्य बनाकर संबंधित क्षेत्रों में मशीनों और उपकरणों के मेंटेनेंस का ध्यान रखते हुए लगन और मेहनत से कार्य करने का आग्रह किया। मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन) तापस दासगुप्ता ने सिंटर प्लांट द्वारा पिछले कुछ वर्षों में दर्ज किए गए कीर्तिमानों की सराहना करते हुए बधाई दी। मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सर्विसेज) पी के सरकार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) असित साहा और मुख्य महाप्रबंधक (पीबीएस) राजीव पांडे और महाप्रबंधक प्रभारी (इलेक्ट्रिकल) ए शंकर ने एसपी-3 टीम द्वारा प्रदर्शित उच्च मनोबल और तालमेल की सराहना की।

मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट्स) ए के दत्ता ने अपने संबोधन में प्रबंधन के निरंतर समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि एसपी-3 टीम पूरी तरह से ऊर्जावान है और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है और जल्द ही 100 मिलियन टन का लक्ष्य हासिल कर लेगी। महाप्रबंधक प्रभारी (सिंटर प्लांट-3) एम आर के शरीफ ने प्रबंधन और सभी उपस्थित लोगों को उनके द्वारा दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि एसपी-3 बिरादरी मात्रा और गुणवत्ता के मामले में ब्लास्ट फर्नेस की सभी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

सिंटर प्लांट 3 उन्नत परिचालन और रखरखाव गतिविधियों को अपनाने और अत्याधुनिक डिजिटल पहलों के आगमन के साथ, 100 मिलियन टन और उससे आगे की यात्रा में नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है।

Related Articles

Back to top button