दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भिलाई के छात्र रोहित ने यूएई में आयोजित इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड 2023 में जीता स्वर्ण पदक

भिलाई। भिलाई के होनहार छात्र रोहित पंडा ने इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड-2023 में स्वर्ण पदक जीत कर भारत और भिलाई का नाम रोशन किया है। 34वां अंतर्राष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड 3 जुलाई से 11 जुलाई, 2023 तक संयुक्त अरब अमीरात के अल ऐन में हुआ।

पहली बार भारत ने पूर्ण स्वर्ण पदक हासिल किया क्योंकि भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी 4 छात्रों ने स्वर्ण पदक हासिल किए जिनमें भिलाई, छत्तीसगढ़ के रोहित पंडा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र जालना के मेघ धीरज छाबडा,रत्नागिरी, महाराष्ट्र के इशान पेडनेकर और कर्नाटक बैंगलोर के ध्रुव आडवाणी ने भी स्वर्ण पदक प्राप्त कर भारत का परचम लहराया है।

इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड में 75 से अधिक देशों से 293 प्रतिभागियों ने भाग लिया। 4 छात्रों की टीम का मार्गदर्शन दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व वरिष्ठ प्रोफेसर, प्रोफेसर मदन एम चतुर्वेदी, और एचबीसीएसई, टीआईएफआर से अनुपमा रोनाड ने किया। इसके अतिरिक्त, दो वैज्ञानिक पर्यवेक्षक, बेंगलुरु में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज से वीवी बिनॉय और एनआईआरआरएच, मुंबई से रामबहादुर सुबेदी भी टीम के साथ थे।

छात्रों को 4 कठिन चरणों के बाद चुना गया था और उन्हें एचबीसीएसई में प्रशिक्षण शिविर से गुजरना पड़ा था। उल्लेखनीय है कि होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र, टीआईएफआर प्री-यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच विज्ञान और गणित में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, खगोल विज्ञान, जूनियर विज्ञान और गणित में ओलंपियाड परीक्षाओं का आयोजन करता है।

रोहित पंडा के इस उपलब्धि पर संपूर्ण भलाई बिरादरी ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। रोहित सेल-बीएसपी के डीजीएम रंजन कुमार पंडा और रूपाली पंडा के बेटे हैं। उन्होंने हाल ही में दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई से उत्तीर्ण की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button