खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने NDA के बिहार के सांसदों के साथ की मीटिंग, कहा- राजनीति में कई बार बड़े लक्ष्य के लिए त्याग और कुर्बानी करनी पड़ती है, बीजेपी इसमें सदा तत्पर रही है

पीएम मोदी ने दावा किया कि एनडीए गठबंधन की सरकार गरीब कल्याण की सरकार है. सरकार गरीबों की तरक्की, उन्नति और प्रगति के लिए लगातार काम कर रही है…

नईदिल्ली (ए)। बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए लगातार बैठकें कर रही है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बिहार के सांसदों के साथ मीटिंग की। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान पीएम मोदी ने सांसदों को जीत के मंत्र दिए. उन्होंने कहा, ‘आप अपने क्षेत्र में जाइए और काम कीजिए, क्योंकि अब चुनाव में समय नहीं बचा है.” उन्होंने एनडीए की एकता, त्याग और स्थायित्व का जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए मतलब स्थिरता है. इसने देश की राजनीति को स्थायित्व दिया है. पीएम मोदी ने बैठक के दौरान 1967 से लेकर अब तक के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राजनीति में कई बार बड़े लक्ष्य के लिए त्याग और कुर्बानी करनी पड़ती है. बीजेपी इसमें सदा तत्पर रही है. बीजेपी ने कई मौकों पर इसके लिए त्याग किया है।

नीतीश कुमार का किया जिक्र
सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी ने बैठक में सांसदों से कहा कि एनडीए को मजबूत बनाने के लिए हमने क्षेत्रीय दलों को आगे किया. बिहार में हमारी सीट ज्यादा होने के बाद जी हमने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी हमारी सीट ज्यादा है फिर भी हमने दूसरे पार्टी को पूरा सम्मान दिया है. पंजाब में भी हमने क्षेत्रीय पार्टी को मजबूत करने में पूरी मदद की।

पीएम मोदी ने राजीव गांधी का क्यों किया जिक्र?
पीएम मोदी ने मीटिंग के दौरान कहा कि एनडीए गठबंधन मे बीजेपी त्याग की भावना से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सरकार के बाद पहली बार है कि जब केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार चल रही है।

पीएम मोदी ने क्या कुछ कहा? 
पीएम मोदी ने सिक्किम के गवर्नर का हवाला देते हुए कहा कि जब एक गांव में वह गए और किसानों से पूछा कि क्या आपको किसान निधि का पैसा मिलता है तो किसानों ने कहा कि नहीं उन्हें राशि नहीं मिलती है, लेकिन हकीकत यह थी कि किसानों के खाते में किसान निधि सम्मान का पैसा आता था. उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी. ऐसे में उन लोगों को जागृत करने की जरूरत है जो केंद्र की योजनाओं के बारे में ठीक से नहीं जानते हैं।

पीएम मोदी ने दावा किया कि एनडीए गठबंधन की सरकार गरीब कल्याण की सरकार है. सरकार गरीबों की तरक्की, उन्नति और प्रगति के लिए लगातार काम कर रही है।

पीएम मोदी ने कितनी बैठकें की?
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पीएम मोदी ने बुधवार (2 अगस्त) को भी एनडीए के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, अंडमान और निकोबार, पुडेचरी तथा लक्षद्वीप से आने वाले 48 सांसदों के साथ बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने सांसदों से कहा था कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।

पीएम मोदी ने सोमवार (31 जुलाई) को दो समूहों के सांसदों के ग्रुप के साथ मीटिंग की थी. पहले समूह में उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रों के सांसदों ने भाग लिया, जबकि दूसरे में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के सांसदों ने हिस्सा लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button