देश-दुनियाफीचर्ड

मुंबई से केरल तक समंदर में बिपरजॉय ने दिखाना शुरू किया रौद्र रूप, पीएम मोदी ने बुलाई बैठक, मुंबई में फ्लाइट रोकी गईं

बिपरजॉय रविवार को गंभीर चक्रवातीय तूफान में बदलने के बाद भारत की ओर बढ़ रहा है. गुजरात में येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज कर दिया गया है…

नईदिल्ली (ए)। चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय ने भारत के पश्चिमी तट पर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मुंबई से लेकर केरल तक तट पर तेज हवाएं चल रही हैं. समुद्र के बीच से ऊंची लहरें उठकर किनारे से टकरा रही हैं.  तूफान की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोमवार (12 जून) को एक बजे बैठक बुलाई है, जिसमें वे तैयारियों की समीक्षा करेंगे. समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है।

बिपरजॉय रविवार को गंभीर चक्रवातीय तूफान में बदल गया था. यह तेजी से भारत के तट की ओर बढ़ रहा है. हालांकि, इसके 15 जून तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया था लेकिन अभी से ही इसका असर दिखने लगा है. मुंबई में तेज हवाओं के चलते फ्लाइट के संचालन में बाधा आई है।

भारतीय मौसम विभाग ने गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र में चेतावनी की स्थिति में बदलाव करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया है. पहले यहां येलो अलर्ट घोषित किया गया था. 15 जून की दोपहर तक बिपरजॉय तूफान के मांडवी (गुजरात) और कराची (पाकिस्तान) के बीच से गुजरने की संभावना है।

चक्रवात की चेतावनी के बीच, गुजरात के कच्छ में निचले तटीय इलाकों से लोगों को हटाकर अस्थायी शेल्टर में भेजा जा रहा है. समाचार एजेंसी एएनआई ने दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी के हवाले से बताया कि रविवार (11 जून) को छह जहाजों ने बंदरगाह छोड़ दिया है और सोमवार को 11 और प्रस्थान करेंगे. बंदरगाह के अधिकारियों और जहाज मालिकों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

मुंबई में फ्लाइट रोकी गईं खराब मौसम के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट के संचालन में दिक्कतें आई हैं. रविवार देर रात कई फ्लाइट देरी से उड़ीं, जबकि कई को रद्द करना पड़ा. एयर इंडिया ने ट्वीट कर बताया कि खराब मौसम की स्थिति और मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे 09/27 के अस्थायी रूप से बंद होने के चलते हमारी कुछ उड़ानें विलंबित और रद्द हो गई हैं. हमें अपने मेहमानों को हुई असुविधा के लिए खेद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button