छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री का भेंट-मुलाकात का दूसरा चरण आज से बस्तर अंचल में, 2 जून तक बस्तर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से करेंगे भेंट-मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट-मुलाकात अभियान का दूसरा चरण 18 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा। भेंट-मुलाकात के दूसरे चरण की शुरूआत कोंटा विधानसभा से होगी। भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान मुख्यमंत्री आम जनता से सीधे रूबरू होंगे।

निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 18 मई को रायपुर से पूर्वान्ह 10.30 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर 12 बजे कोंटा पहुंचेंगे। यहां आम जनता से भेंट-मुलाकात एवं शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री 1.40 बजे कोंटा विधानसभा क्षेत्र के छिन्दगढ़ पहुंचेंगे और वहां लोगों से भेंट-मुलाकात करने के बाद 3.30 बजे सुकमा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सुकमा में पुलिस लाईन स्थित आफिसर्स मेस का लोकार्पण, शहीद पार्क में गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण एवं सी-मार्ट का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5.20 बजे से शाम 7.20 बजे तक सुकमा में विभिन्न प्रतिनिधिमंडल से भेंट-मुलाकात करने के बाद राजीव भवन का अवलोकन एवं जनप्रतिनिधियों से भेंट-मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भेंट-मुलाकात अभियान की शुरुआत की है। भेंट-मुलाकात अभियान के पहले चरण में मुख्यमंत्री श्री बघेल 4 से 11 मई तक सरगुजा अंचल के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया था।

इस दौरान उन्होंने तीन जिलों के आठ विधानसभा में जनता के बीच पहुंचकर शासकीय योजनाओं को क्रियान्वयन और जनता को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने संपर्क-संवाद-समाधान के ध्येय के साथ जहां आम जनता से सीधी बात की और उनकी समस्याओं को जानकर उनका त्वरित निराकरण भी किया। जनता की मांग पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगातें भी दीं।

Related Articles

Back to top button