फीचर्डविविध

ईशान ने पहला टी20 शतक लगाकर रचा इतिहास, सूर्य कुमार खास क्लब में हुए शामिल

भारतीय टीम ने पांचवें मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने 271 रनों का स्कोर बनाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। यह भारत का बांग्लादेश (297/6) और श्रीलंका (283/1) के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा टी20 स्कोर है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बना लिया है…

तिरुवनंतपुरम (ए)। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में ईशान किशन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला टी20 शतक जड़कर इतिहास रच दिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 42 गेंदों में 103 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में ईशान ने 6 चौके और 10 लंबे छक्के लगाए। चौथे टी20 में चोट के कारण बाहर रहने के बाद लौटे किशन ने शुरुआत से ही कीवी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट खेले।

ईशान किशन ने अपना अर्धशतक 28 गेंदों में पूरा किया और इसके बाद उन्होंने रफ्तार और तेज कर दी। 12वें ओवर में लेग स्पिनर ईश सोढ़ी के एक ही ओवर में उन्होंने 29 रन बटोरे, जिसमें चौके और छक्कों की झड़ी लगी रही। इसके बाद मिचेल सेंटनर की गेंद पर लगातार दो छक्के जड़कर ईशान ने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। सैकड़ा पूरा करने के बाद उन्होंने पूरे जोश के साथ जश्न मनाया।

ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 58 गेंदों में 137 रनों की जबरदस्त साझेदारी हुई। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 2017 में दिल्ली में रोहित शर्मा और शिखर धवन ने 158 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी। इस साझेदारी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की लय पूरी तरह बिगाड़ दी और भारत को विशाल स्कोर की ओर ले गई।

ईशान किशन के नाम बने बड़े रिकॉर्ड

  • ईशान किशन का यह शतक कई रिकॉर्ड्स के साथ आया।
  • 42 गेंदों में शतक भारत की ओर से पांचवां सबसे तेज टी20 शतक रहा।
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक है।
  • यह ऑल टाइम टी20 क्रिकेट में सातवां सबसे तेज शतक भी रहा।
  • इस पारी के साथ ईशान किशन ने 1000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे कर लिए।
  • यह पारी उनके टी20 विश्व कप 2026 के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है।

कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम भी रिकॉर्ड
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों में 63 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे किए। सूर्यकुमार यह मुकाम 1822 गेंदों में हासिल करने वाले दुनिया के सबसे तेज बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में जोस बटलर, डेविड वॉर्नर, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।

इस सीरीज में भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पांच मैचों में तीन अर्धशतकों की मदद से 242 रन बनाए। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ अवॉर्ड से नवाजा गया। सूर्यकुमार अब टी20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली और श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा की बराबरी कर ली है। यह सूर्यकुमार यादव का छठा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड’ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button