छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री ने राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के लिए दिए निर्देश, मुख्यमंत्री स्वयं पालन प्रतिवेदन का करेंगे अवलोकन

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के विभिन्न तहसीलों में राजस्व प्रकरणों के निराकरणों में हो रहे विलंब को गंभीरता से लिया है। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के तेजी से निराकरण कराने के लिए सभी संभाग आयुक्तों को निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी संभागीय कमिश्नरों से कहा है कि वे तहसील कार्यालयों में आने वाले राजस्व प्रकरणों के निराकरण की सतत् रूप से मानीटरिंग करें और माह में कम से कम दो तहसीलों अथवा उप तहसीलों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं एवं आम जनता से अवश्य रूप से भेंट भी करें, साथ ही उन्हें भेंट के लिए तय समय और तिथि के बारे में पूर्व में अवगत कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि तहसील कार्यालय में प्रत्येक राजस्व प्रकरण पंजीबद्ध होना चाहिए। कोई भी प्रकरण अपंजीबद्ध न हो। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए तय की गई समय-सीमा का अनिवार्य रूप पालन किया जाए, समय-सीमा में प्रकरण का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी से स्पष्टीकरण लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से कहा है कि वे संभागीय आयुक्त माह में दो बार पालन प्रतिवेदन प्राप्त करें। मुख्यमंत्री मुख्य सचिव के माध्यम से प्राप्त इन पालन प्रतिवेदन का स्वयं अवलोकन करेंगे।

Related Articles

Back to top button