भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी से एक खास उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। सूर्यकुमार के दम पर ही भारत अमेरिका के सामने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सका…




मुंबई (ए)। भारत ने टी20 विश्वकप का आगाज जीत के साथ कर दिया है। शनिवार को अमेरिका के खिलाफ खेले गए मैच में जबरदस्त जीत हासिल की। अमेरिका को 29 रन से हराया। अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय टीम ने बड़ी मुश्किल से 161 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। एक वक्त भारतीय टीम के लगातार विकेट गिरते जा रहे थे, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हिम्मत नहीं हारी और वे एक छोर संभाले रहे। सूर्या ने 49 बॉल पर 84 रनों की नाबाद पारी खेली। सूर्या ने 10 चौके और चार छक्के लगाने का काम किया।
अमेरिका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। लग रहा था कि भारत टी20 विश्व कप के अपने पहले ही मैच में रनों का पहाड़ बनाएगा, लेकिन उसे शुरुआत से ही झटका लगा। अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे जहां खाता खोले बिना आउट हुए तो वहीं रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी सस्ते में पवेलियन लौटे। ईशान किशन और तिलक वर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन वे इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। फिर एक छोर से सूर्यकुमार डटे रहे और अंत तक टिककर नाबाद लौटे।





