खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय टीम को दी बधाई, कहा- विराट विजय है, श्रेयस ने दिखाया शौर्य, गिल ने जीता दिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आईसीसी चैंपियंस ट्राफी में पाकिस्तान के विरुद्ध शानदार जीत पर टीम इंडिया को बधाई और शुभकामनाएं दी है। श्री साय ने अपने एक्स हैंडल में कहा कि विराट विजय है, श्रेयस ने दिखाया शौर्य, गिल ने जीता दिल। उन्होंने कहा कि चैंपियंस ट्राफी में पाकिस्तान को 6 विकेट से मात देकर अपने विजय के क्रम को निरंतर जारी रखते हुए टीम इंडिया ने पूरे भारत को गौरवांवित किया है।

ज्ञात हो कि भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली ने वनडे करियर का 51वां शतक लगाया। वह 111 गेंद 100 रन बनाकर नाबाद रहे।

एक वक्त ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान विराट को शतक नहीं बनाने देने की साजिश रच रहा है। शाहीन वाइड पर वाइड फेंक रहे थे। 43वें ओवर में भारत को जीत के लिए चार रन और कोहली को शतक के लिए पांच रन चाहिए थे। 43वें ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने एक रन लिया। फिर अगली गेंद पर अक्षर ने एक रन लिया।

तीसरी गेंद पर विराट ने चौका लगाकर शतक भी पूरा किया और भारत को जीत भी दिलाई। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में अब दो मैच जीत लिए हैं और सेमीफाइनल में पहुंचना का दावा मजबूत कर लिया है।

वहीं, पाकिस्तान की टीम लगभग चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है। उसे अब अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। भारत के दो मैचों के बाद चार अंक हैं, जबकि पाकिस्तान दो मैचों में खाता नहीं खोल सका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button