दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

सावन के पहले दिन देवबलोदा के प्राचीन शिवालय पहुंचे महापौर, तीन वार्डों में शाला भवन व आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य कराया प्रारंभ

भिलाई-3। शिव भक्ति के लिए पवित्र माने जाने वाले सावन माह के पहले दिन महापौर निर्मल कोसरे निगम क्षेत्र के देवबलोदा में स्थित कल्चुरी कालीन प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। यहां पर जलाभिषेक व पूजा अर्चना कर उन्होंने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों के सुख – समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्री कोसरे ने तीन ग्रामीण वार्डों में जाकर 24 लाख रुपए से होने वाले शाला भवन व आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।

महापौर निर्मल कोसरे ने वार्ड क्रमांक 38 सोमनी, वार्ड क्रमांक 2 अकलोरडीह व वार्ड क्रमांक 3 हथखोज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तीनों वार्ड के शासकीय प्राथमिक शाला भवन में अतिरिक्त कक्ष और नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्य को श्रीफल तोड़कर शुभारंभ कराया। महापौर ने संबंधित ठेकेदार को निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

महापौर निर्मल कोसरे ने इस अवसर पर कहा कि भिलाई – चरोदा निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। उनके द्वारा प्रत्येक रविवार को साइकिल भ्रमण कार्यक्रम के तहत वार्डों का दौरा किया जा रहा है। इसमें आम नागरिकों से मेल मुलाकात के दौरान न केवल समस्या बल्कि विकास को लेकर जनभावना से भी अवगत होने का मौका उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों से मिल रहे फीडबैक और निर्वाचित पार्षदों के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित करते हुए भिलाई – चरोदा नगर निगम को विकास के मामले में अव्वल बनाया जाएगा।

इससे पहले महापौर निर्मल कोसरे ने देवबलोदा के प्राचीन शिवालय में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक पूजन क्षेत्रवासियों के सुख शांति और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने सावन के पवित्र महीने की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मोहन साहू, एस. वेंकट रमना, संतोषी निषाद, देव कुमारी भलावी, दीप्ति वर्मा, ईश्वर साहू, एम. जॉनी, मनोज डहरिया संबंधित वार्ड पार्षद तुषांत वर्मा, राकेश बंछोर, पूर्व पार्षद नरेन्द्र वर्मा, आशीष वर्मा, कांग्रेस नेता विनोद निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button