छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें किया नमन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रगौरव के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की आज 19 फरवरी को जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वीर शिवाजी महाराज केवल एक योद्धा ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी शासक, उत्कृष्ट रणनीतिकार और कुशल प्रशासक भी थे। उन्होंने अपनी नीतियों, अनुशासित सेना और संगठित प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से शक्तिशाली और आत्मनिर्भर राज्य की नींव रखी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का शौर्य एवं राष्ट्रप्रेम आज भी अनगिनत लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और सूझबूझ से विपरीत परिस्थितियों में भी अद्वितीय विजय प्राप्त की। उनकी रणनीति, सुशासन और लोकहितकारी नीतियाँ सदियों तक प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, संकल्प और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उनकी अमर गाथा भारत के युवाओं में राष्ट्रप्रेम और अदम्य उत्साह की भावना जागृत करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी, समाज सुधारक और प्रखर विचारक श्री गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि (19 फरवरी) पर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गोखले जी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की बौद्धिक और नैतिक नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचारों और आदर्शों ने राष्ट्र की दिशा को नई ऊर्जा दी और अनेक स्वाधीनता सेनानियों को भी राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गोपाल कृष्ण गोखले जी का जीवन त्याग, निःस्वार्थ सेवा और चारित्रिक दृढ़ता का प्रतीक था। उन्होंने आत्मिक विकास और नैतिक मूल्यों को राजनीति और समाज सुधार के केंद्र में रखा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गोखले जी का देश के प्रति योगदान भारतीय इतिहास में अमिट रहेगा और वे युवा पीढ़ी के लिए सदैव महान पथप्रदर्शक बने रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button