देश-दुनियाफीचर्ड

मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मानसून के आगमन की भविष्यवाणी की, इन राज्यों में बारिश की संभावना

भारत में मानसून आमतौर पर जून महीने की शुरुआत में आता है. जून के पहले हफ्ते तक भारतीय प्रायद्वीप के दक्षिणी भाग में पहुंच जाता है…

नईदिल्ली (ए)। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण पश्चिम मानसून के आगमन की भविष्यवाणी की है, जिससे केरल में भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप और दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है. बता दें कि आईएमडी ने 6 जून से केरल में भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी. वहीं केरल के पठानमथिट्टा और इडुक्की जिलों में भी सोमवार तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी ने रविवार को जारी एक अलर्ट में कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

वहीं पिछले 24 घंटों की अगर बात करें तो गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम के कुछ हिस्सों, सिक्किम और आंतरिक तमिलनाडु में बारिश हुई है. इसके अलावा अगले 24 घंटे में भी यहां बारिश की संभावना है।

किन राज्यों में बारिश की संभावना देश के अन्य राज्यों की बात करें तो असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, कोंकण-गोवा में भी रविवार को बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।

वहीं मौसम विभाग के अनुसार बिहार में हीटवेव ने पिछले 17 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. यहां साल 2007 के 31 मई को 40.7 डिग्री तापमान था. जिसके बाद अब 3 जून 2023 को सर्वाधिक गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है. भारत में मानसून आमतौर पर जून महीने की शुरुआत में आता है. जून के पहले हफ्ते तक भारतीय प्रायद्वीप के दक्षिणी भाग में पहुंच जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button