खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

रवि बिश्नोई बने टी20 क्रिकेट के वर्ल्ड नंबर-1 गेंदबाज, राशिद खान को छोड़ा पीछे

रवि बिश्नोई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज से जबरदस्त फायदा हुआ है…

नईदिल्ली (ए)। टी20 क्रिकेट को नया वर्ल्ड नंबर-1 गेंदबाज मिल गया है. आईसीसी की टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग्स में अब भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई गेंदबाजी में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने इस स्थान पर लंबे अरसे से काबिज राशिद खान को पछाड़ा है।

रवि बिश्नोई के खाते में अब 699 अंक हो गए हैं. वह राशिद खान (692) से 7 रेटिंग पॉइंट आगे निकल गए हैं. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर श्रीलंका के वानिदु हसरंगा (679), चौछे नंबर पर आदिल रशिद (679) और पांचवें पायदान पर महीष तीक्षणा (677) हैं. यानी टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग्स में टॉप-5 स्थानों पर स्पिनर्स का कब्जा है।

रवि बिश्नोई को ऑस्ट्रेलिया सीरीज का मिला फायदा
रवि बिश्नोई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज से जबरदस्त फायदा हुआ है. इस सीरीज में बिश्नोई ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 5 मैचों में 9 विकेट चटकाए. खास बात यह कि इस सीरीज में जमकर हुई रनों की बरसात के बीच वह नियमित तौर पर विकेट निकालने में सफल रहे. इस प्रदर्शन के लिए वह ‘प्लेयर ऑफ दी सीरीज’ भी चुने गए।

17 का बॉलिंग एवरेज और 14 का स्ट्राइक रेट
रवि बिश्नोई ने पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. फरवरी 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में इस स्पिनर ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला. अपने पहले ही मुकाबले में वह ‘प्लेयर ऑफ दी मैच’ रहे थे. उन्होंने 17 रन खर्च कर दो विकेट चटकाए थे. तब से लेकर अब तक यह गेंदबाज टी20 में लगातार कहर बरपा रहा है. बिश्नोई अब तक 21 मुकाबले खेल चुके हैं और 17.38 की गेंदबाजी औसत और 7.14 के इकोनॉमी रेट से कुल 34 विकेट चटका चुके हैं. उनका बॉलिंग स्ट्राइक रेट 14.5 रहा है. यानी हर 15वीं गेंद में उन्होंने विकेट चटकाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button