खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगी सोनिया गांधी: छुट्टी लेकर आ रहे हैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी भी रहेगी मौजूद

सोनिया गांधी को राज्यसभा भेजे जाने का सस्पेंस खत्म हो गया है. कांग्रेस पार्टी की कद्दावर नेता कल यानी बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगी…

नईदिल्ली (ए)। कांग्रेस पार्टी की कद्दावर नेता और पूर्व पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी फिर से एक बार राज्यसभा में नजर आएंगी. सोनिया गांधी एक बार फिर से राज्यसभा जाएंगी. इस बार वो राजस्थान कोटे से राज्यसभा जाने वाली हैं. जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी कल यानी 14 फरवरी को राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगी।

नामाकंन दाखिल करते समय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ मौजूद रहेंगी. राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हुए हैं, जिसकी कल यानी बुधवार को छुट्टी घोषित की गई है और राहुल गांधी कल ही दिल्ली भी पहुंच रहे हैं. माना जा रहा है कि वो सोनिया गांधी के नामांकन में दाखिल होने के लिए ही एक दिन की छुट्टी पर दिल्ली आ रहे हैं।

कांग्रेस ने विधायकों को जयपुर बुलाया
राजस्थान में सोनिया गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है. पार्टी ने राज्य के अपने सभी विधायकों को जयपुर बुला लिया है. उनके स्वागत कार्यक्रम और चुनावी तैयारियों को लेकर मंगलवार को पूर्व सीएम अशोक गहलोत के निवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई है।

शाम को यह बैठक शुरू हुई जिसमें अशोक गहलोत के अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य नेता मौजूद थे. राजस्थान में विधानसभा चुनाव कांग्रेस के हार जाने के बाद सोनिया गांधी का पहली बार दौरा हो रहा है. इसलिए नामांकन दाखिल करने के साथ ही वह पार्टी नेताओं के साथ संगठन की स्थिति पर भी चर्चा कर सकती हैं।

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर होंगे चुनाव
राजस्थान से राज्यसभा की 10 सीटें हैं, जिनमें से तीन सीटों पर चुनाव होने हैं. नामांकन दखिल करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है. विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से इनमें से 2 सीटें बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जानी तय है।

राजस्थान में 10 राज्यसभा सीटों में से 6 पर कांग्रेस और 4 पर बीजेपी के सांसद हैं. इस बार सोनिया गांधी भी यही से राज्यसभा जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button