Uncategorised

राज्यपाल ने अधिकारियों की बैठक ली और बस्तर के विकास पर की चर्चा, युवाओं के रोजगार पर राज्यपाल ने दिया जोर

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने जगदलपुर प्रवास के दौरान अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो, इसके लिए उन्हें शासन के योजनाओं की जानकारी दें और उनसे उन्हें जोड़ें। यदि  कोई ग्रामीण आपके पास अपनी समस्या लेकर आए तो उनकी बातों को संवेदनशीलता से सुने और उनकी समस्या का समाधान करें। सुश्री उइके ने कहा कि बस्तर क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों के बीच सभी अधिकारियों को जनकल्याण की योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन को खुशहाल बनाने की कोशिश करना चाहिए। राज्यपाल ने बोधघाट परियोजना, नगरनार इस्पात संयंत्र सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बोधघाट परियोजना के माध्यम से स्थानीय लोगों को होने वाले लाभ की जानकारी देकर उन्हें विश्वास में लेकर कार्य करने की आवश्यकता उन्होंने बताई।  इस दौरान बस्तर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार आदि क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई।  इस अवसर पर कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र, पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदरराज, मुख्य वन संरक्षक मोहम्मद शाहिद, कलेक्टर रजत बंसल, पुलिस अधीक्षक दीपक झा, वन मंडलाधिकारी स्टायलो मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत चंद्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button