छत्तीसगढ़फीचर्ड

रानू शुक्ला को नवरंग नारी शक्ति सम्मान से किया गया सम्मानित

रायपुर। सिविल लाइंस स्थित वृंदावन सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित नवरंग काव्य मंच एवं जैन कवि संगम के संयुक्त आयोजन में दिनाँक 10.03.2024 को युवा संस्था की वरिष्ठ सदस्य रानू शुक्ला को नवरंग नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया।

उन्हें यह सम्मान प्रसिद्ध साहित्यकार माणिक विश्वकर्मा, समाजसेवी लक्ष्मी नारायण लाहोटी तथा संस्था के संयोजक राजेश जैन ‘राही’ के करकमलों से प्रदान किया गया।

नवरंग काव्य मंच के संयोजक राजेश जैन ‘राही’ ने कहा कि रानू शुक्ला ने जिस तरह से संघर्षों का सामना कर सफलता हासिल किया है, वो समाज के सभी वर्गों के लिए अनुकरणीय है और इसीलिए संस्था उन्हें सम्मानित कर रही है। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य आमंत्रित अतिथियों ने भी रानू शुक्ला की भूरि भूरि प्रशंसा की।

रानू शुक्ला ने अपने संबोधन में अपनी सफलता का श्रेय युवा संस्था को दिया। उन्होंने कहा कि विगत 23 वर्षों से युवा संस्था निःस्वार्थ भाव से हजारों बच्चों के जिंदगी में सार्थक बदलाव के लिए कार्य कर रही है और उनके जीवन के मुश्किल हालात में जिस तरह युवा संस्था और उससे जुड़े गुरुजनों ने उनका साथ दिया, उसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगी।

गौरतलब है कि रानू शुक्ला ने जीवन में विपरीत परिस्थितियों से गुजरने के बाद भी आईबीपीएस द्वारा आयोजित सहकारी बैंक की परीक्षा में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और वर्तमान में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जगदलपुर के मुख्य शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button