खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के लिए मतदान आज, आठ राज्यों की 49 सीटों पर 695 प्रत्याशी मैदान में

पांचवे चरण में 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर वोटिंग होगी. इन सीटों पर दो हाई-प्रोफाइल सीटें- अमेठी और रायबरेली भी शामिल हैं जहां से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं…

नईदिल्ली (ए)। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पांचवें चरण का मतदान आज सोमवार (20 मई) को होना है. इस चरण में 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर वोटिंग होगी. इन सीटों पर दो हाई-प्रोफाइल सीटें- अमेठी और रायबरेली भी शामिल हैं जहां से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं. इन दोनों की सीटों को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है लेकिन पिछले चुनाव में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराकर अमेठी सीट बीजेपी के खाते में डाल दी थी।

वहीं, रायबरेली सीट पर साल 2004 से कांग्रेस का कब्जा रहा है और सोनिया गांधी इसका प्रतिनिधित्व कर रही थीं. इस सीट से बीजेपी ने दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है. पांचवें चरण की जिन 49 सीटों पर वोटिंग होनी है, उनमें से 2019 के चुनावों में 40 सीटें एनडीए ने जीती थीं. 20 मई को महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की 7, बिहार की 5, झारखंड की 3, ओडिशा की 5, जम्मू-कश्मीर की एक और लद्दाख में 1 सीट पर वोटिंग होगी। कुल 695 प्रत्याशी मैदान में है।

पांचवें चरण में कई मंत्री और जाने पहचाने चेहरों की किस्मत भी ईवीएम में कैद होगी. इस चरण में मोदी सरकार के मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजन ज्योति, पीयूष गोयल के साथ-साथ बीजेपी के राजीव प्रताप रूडी जैसे दिग्गज नेता मैदान में हैं. इसके अलावा शांतनु ठाकुर, चिराग पासवान, श्रीकांत शिंदे और रोहिणी आचार्य की भी किस्मत का फैसला होना है।

किस राज्य की कौन सी सीट पर होनी है वोटिंग?

उत्तर प्रदेश की 14 सीटें- रायबरेली, अमेठी, लखनऊ, मोहनलाल गंज, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा.

महाराष्ट्र की सीटें- मुंबई उत्तर, मुंबई दक्षिण, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई उत्तर मध्य, मुंबई दक्षिण मध्य, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण और थाणे.

बिहार की सीटें- सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर.

ओडिशा की सीटें- बरगढ़, सुंदरगढ़, बोलांगीर, कंधमाल और अस्का.

झारखंड की सीटें- चतरा, कोडरमा और हजारीबाग.

पश्चिम बंगाल की सीटें- बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलूबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली और आरामबाग.

जम्मू-कश्मीर की एक सीट- बारामूला.

लद्दाख की एक सीट।

पांचवे चरण में 227 उम्मीदवार करोड़पति हैं. इसमें बीजेपी के 36, कांग्रेस के 15 और समाजवादी पार्टी के 10 ऐसे उम्मीदवार हैं जिनकी संपत्ति 1 करोड़ से ऊपर है. कुल उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.56 करोड़ रुपये आंकी गई।

पांचवे चरण में बीजेपी के अनुराग शर्मा सबसे अमीर उम्मीदवार हैं. यूपी की झांसी से चुनाव लड़ रहे अनुराग शर्मा की कुल संपत्ति 212 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है. इसके बाद महाराष्ट्र के भिवंडी सीट से निर्दलीय प्रत्याशी नीलेश भगवान सांबरे 116 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं. मुंबई उत्तर सीट से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तीसरे सबसे अमीर कैंडिडेट हैं. उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 110 करोड़ रुपये से अधिक घोषित की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button